महासमुन्द
पुलिस ने 420 किलो गांजा संग पकड़ा था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 सितंबर। गांजा तस्करी करते पकड़े गए उत्तरप्रदेश के 2 युवकों को कोर्ट ने 16-16 साल की कड़ी कैद की सजा सुनाई है। दोनों युवकों को कोमाखान पुलिस ने 420 किलोग्राम गांजा कीमत करीब 85 लाख रुपए के साथ पकड़ा था।
कल विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट लीलाधर सारथी ने 420 किलोग्राम गांजा तस्करी करते पकड़े गए उत्तरप्रदेश के 2 युवकों सन्नी कुमार (22 वर्ष) जलालपुर मैनपुरी तथा विष्णु जादौन (23 वर्ष) ग्राम मौरहना अलीगढ़ को 16-16 वर्ष कठोर कारावास तथा 2-2 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड नहीं पटाने पर दोनों को 1-1 वर्ष का सश्रम कारावास पृथक से होगा।
अभियोजन के मुताबिक थाना कोमाखान के निरीक्षक सिद्धेश्वर प्रताप सिंह स्टाफ के साथ 31 अक्टूबर 2021 को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-353 फारेस्ट नाका टेमरी पर वाहनों की चेकिंग में जुटे हुए थे। उसी दौरान एक टाटा मालवाहक ट्रक क्रमांक यूपी 83 सीटी.1655 आया। जिसे रोककर पूछताछ करने पर वाहन में लोहे के पाट्र्स होना बताया गया। लेकिन वाहन को चेक कराने कहा तो ड्राइवर आना-कानी करने लगा।
शंका होने पर तलाशी ली गई तो ट्रक के डाले में लोहे के 9940 किलो पाट्र्स के साथ रखा गया प्लास्टिक की 14 बोरियों में भरा हुआ मादक पदार्थ गांजा मिला। गांजे का कुल वजन 420 किलोग्राम तथा उसकी कीमत करीब 85 लाख रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने गांजा, ट्रक, 99540 किलो वजन के लोहे के पाट्र्स, 2 मोबाइल आदि को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया था। थाने में दोनों आरोपियों के विरूद्ध 20 ख एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश श्री सारथी ने लिखा कि समाज में खासकर युवा वर्ग तथा उन बालकों की मन:स्थिति को नशे की गिरफ्त में लिया जा रहा है, जिसे यह ज्ञान भी नहीं है कि नशे का उसके जीवन पर क्या प्रभाव होगा। अत: नशे के इन कारोबारियों पर उदार दृष्टिकोण अपनाया जाना न्यायोचित प्रतीत नहीं होता।