महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 सितंबर। महासमुंद जिले के बलोदा थाना क्षेत्र स्थित नक्सल प्रभावित एरिया ग्राम सिरबोड़ा की चांदनी नेरोजी पिता थबीर प्रसाद नेरोजी का चयन सीआरपीएफ में हुआ है।
चांदनी के परिवारजन कहते हैं कि उन्होंने अपनी मेहनत और काबिलियत को बरकरार रखते हुए सीआरपीएफ में चयनित होकर अपना नाम, अपने माता-पिता व अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चांदनी बचपन से ही कहती थी कि मैं पढ़ लिखकर फोर्स ज्वाइन करूंगी और देश सेवा करूंगी। स्कूल में भी शिक्षकों से कहती थी बड़ी होकर फोर्स का अफसर बनूंगी। इसने अपना वादा पूरा कर दिखाया। उनकी ज्वाइनिंग 26 सितंबर को होने वाली है।
30 अगस्त को वह चरित्र सत्यापन हेतु पुलिस थाना बलौदा में उपस्थित हुईं थी। चरित्र सत्यापन के समय बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण चौहान और समस्त स्टाफ ने चांदनी के उज्ज्वल भविष्य की। थाना प्रभारी श्री चौहान ने इस दौरान उनसे पूछा कि किनके मार्गदर्शन में आपको देश सेवा करने का यह प्रेरणा मिली तो चांदनी ने कहा-माता पिता और दादाजी अभिमन्यु नेरोजी तहसीलदार से। इसके अलावा देश की पहली महिला आईपीएस किरण बेदी का टीवी शो देखकर अपने हौसले को बुलंद किया। इस बात को सुनकर थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक प्रवीण चौहान खुशी से गदगद हुए। उन्होंने चांदनी को क्षेत्र विकास के अलावा अपने कत्र्तव्यों के शानदार निर्वहन के लिए अग्रिम बधाईयां दी।