महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 अगस्त। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में 29 अगस्त को विज्ञान और कम्प्यूटर संकाय के संयुक्त तत्वावधान में बीएससी, बीसीए, डीसीए तथा पीजीडीसी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य डा. अनुसूइया अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा विज्ञान संकाय प्रभारी प्रो.करुणा दुबे व कम्प्यूटर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.अजय देवांगन के संयोजन में आहुत हुआ।
सर्वप्रथम विज्ञान संकाय प्रभारी एवं रसायन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो.करुणा दुबे ने अपना विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि उन्मुखीकरण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को महाविद्यालय की मूलभूत सुविधाओं के बारे में परिचित कराना है। कॉलेज में आने के बाद छात्रों को नियम और अनुशासन में रहना चाहिए तथा एक नियत समय.सारिणी बनाकर अध्ययनरत रहना चाहिए।
प्राचार्य डॉ.अनुसूइया अग्रवाल ने कहा कि महाविद्यालय में बच्चों को नियम और अनुशासन में रहते हुए अध्ययन करना चाहिए। बच्चों को जीवन में कुछ करने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। संघर्ष जीवन का एक पड़ाव है। यह प्रकृति का एक नियम है। संघर्ष का सामना करके बच्चे अपने जीवन में सफल हो सकते हैं।
इसके पश्चात इस कार्यक्रम के सह.संयोजक तथा कम्प्यूटर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अजय देवांगन ने बताया कि आज के दौर में कम्प्यूटर का ज्ञान अतिआवश्यक है। हर क्षेत्र में कम्प्यूटर उपयोगी है। उन्होंने कम्प्यूटर की महत्ता बताते हुए अधिक से अधिक छात्रों को कम्प्यूटर से संबंधित कोर्स में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक तथा राजनीतिशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.मालती तिवारी ने महिला उत्पीडऩ समिति एवं शिकायत निवारण प्रकोष्ठ के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न क्षेत्रों में भाग लेने से व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएसएस में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
हिन्दी विभागाध्यक्ष एवं जनभागीदारी प्रभारी डा. दुर्गावती भारतीय ने कहा कि विज्ञान के विद्यार्थी जिज्ञासु प्रवृति के होते हैं। उन्होंने जनभागीदारी समिति की उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी बच्चों को प्रदान की। अंग्रेजी विभाग से प्रो.आशुतोष पुरी गोस्वामी ने कहा कि अंग्रेजी विषय की अपने आप में एक अलग ही उपयोगिता है। अंग्रेजी का चलन दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहा है। उन्होंने बच्चों से कहा कि जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए एक जूनून होना चाहिए।
एनसीसी अधिकारी प्रो,प्रदीप कन्हेर, वनस्पतिशास्त्र विभाग से प्रो.अंजन भोई, गणित विभाग से दीप्ति पटेल, कार्यालय प्रमुख मनोज शर्मा, खेल अधिकारी दिलीप लहरे ने भी बच्चों को संबोधित किया। इस अवसर आयोजित खेल स्पर्धा में विजयी छात्रों को प्राचार्य डॉ. अनुसूइया अग्रवाल तथा मंचस्थ अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय से प्रो.सरस्वती सेठ, सहायक प्राध्यापक रसायनशास्त्र प्रो.गौरव कुमार सोनी, टीकम साहू, पूजा यादव, नम्रता तम्बोली, रेशमा वर्मा, जीवन लाल साहू, एसआर मानकर,पूर्णिमा साहू, हरि चंद निषाद, कोमल साहू, शशांक दानी, अनुराग सोनी एवं संदीप यादव आदि उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का संचालन प्रो. प्रदीप कन्हेर सहायक प्राध्यापक रासायन शास्त्र एवं आभार प्रदर्शन दीप्ति पटेल अतिथि सहायक प्राध्यापक गणित विभाग ने किया। उक्त जानकारी मीडिया टीम के सदस्य गौरव कुमार सोनी ने दी।