महासमुन्द

आम जनता की परेशानी से भूपेश सरकार को कोई सरोकार नहीं-सुधा साहू
30-Aug-2023 3:40 PM
आम जनता की परेशानी से भूपेश सरकार को कोई सरोकार  नहीं-सुधा साहू

महासमुंद, 30 अगस्त। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू ने कहा कि प्रदेश सहित जिले भर के स्वास्थ्य कर्मियों के हड़ताल में चले जाने से स्वास्थ्य व्यवस्था का बुरा हाल है। नर्सिंग सवंर्ग सहित डॉक्टरों द्वारा अपनी पांच सूत्रीय मांग को लेकर विगत 21 अगस्त से हड़ताल पर हैं। इन कर्मचारियों की मांग भी जायज है। भूपेश सरकार को तत्काल इन कर्मचारियों की मांगों पर विचार करते हुए मांग पूरी कर हड़ताल समाप्त करना चाहिए। ताकि आम जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जूझना ना पड़े।

उन्होंने कहा कि विगत 21 अगस्त से जिला अस्पताल सहित जिले भर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था का बुरा हाल है। यहां मरीजों को स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा है। गरीब परिवार के लोग सरकारी अस्पतालों पर निर्भर है। लेकिन स्टाफ की कमी के चलते इन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विवश होकर गरीब वर्ग के लोगों को निजी अस्पतालों, चिकित्सकों के पास उपचार के लिए जाना पड़ रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों में चिंता व्याप्त है। लेकिन आम जनता की परेशानी से भूपेश सरकार को कोई सरोकार नहीं है। भ्रष्टाचार के मामले में पूरे देश में प्रसिद्ध हो चुके भूपेश सरकार नरवाए गरवाए बारी जैसे भ्रष्ट योजना व ईडी में उलझा हुआ है।


अन्य पोस्ट