महासमुन्द

खल्लारी-सरायपाली में भाजपा के चर्चित चेहरों को टिकट से भाजपाई खुश
18-Aug-2023 2:45 PM
खल्लारी-सरायपाली में भाजपा के चर्चित चेहरों को टिकट से भाजपाई खुश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अगस्त।
छत्तीसगढ़ में भाजपा ने जिन 21 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है, उनमें महासमुंद जिले के दो विधानसभा खल्लारी व सरायपाली के उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हैं। अभी तक भाजपा ने महासमुंद व बसना के उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं। जिले भर में इस बात की चर्चा है कि इन दो जगहों में नाम तय करने भाजपा अभी मंथन कर रही है। 

इस बार भाजपा ने खल्लारी व सरायपाली विधानसभा में नए चेहरे को मैदान में उतारा है। ये दोनों अपने-अपने क्षेत्र में कापी सक्रिय हैं और इन्हें क्षेत्र के लोग जानते पहचानते हैं।  लेकिन सत्ता पक्ष के नाम तय होने के बाद ही दोनों सीटों पर आंकलन संभव है। बहरहाल भाजपा में दो कद्दावर महिलाओं को टिकट मिलने से हर्ष का माहौल है। 

गौरतलब है कि प्रदेश में 10 सीटें अनुसूचित जनजाति की और एक सीट अनुसूचित जाति वर्ग की है। बुधवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की मैराथन मीटिंग हुई और गुरुवार को नामों का ऐलान किया गया। इसमें खल्लारी से अल्का नरेश चंद्राकर व सरायपाली से सरला कोसरिया को प्रत्याशी बनाया है। 

वर्तमान में खल्लारी व सरायपाली में दोनों विधायक कांग्रेस पार्टी के हैं। अल्का चंद्राकर वर्तमान में क्षेत्र क्रमांक-5 से जिपं सदस्य हैं। क्षेत्र में पिछले कई सालों से सक्रिय राजनीति में हैं। खल्लारी क्षेत्र में सक्रिय हैं। पार्टी के हर कार्यक्रम व प्रदर्शन में लगातार खल्लारी का नेतृत्व करती आ रही हैं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा इस बात की भी है कि यदि कांग्रेस खल्लारी में वापस द्वारिकाधीश यादव को टिकट देती है तो ऐसे में अल्का चंद्राकर व वर्तमान विधायक द्वारिकाधीश यादव के मध्य कड़ा मुकाबला हो सकता है। हालांकि पिछले विधानसभा में द्वारिकाधीश यादव ने 57 हजार मतों से जीत हासिल की थी। 

बात यदि सरला कोसरिया की है तो वे पिछले कई बरस से विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से प्रमुख दावेदारी कर रही थीं, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला था। इसके चलते कुछ सालों तक वे भाजपा से नाराज भी थीं। बाद में उन्होंने नाराजगी दूर करते हुए फिर से क्षेत्र में भाजपा के लिए काम शुरू कर दिया था। 

मालूम हो कि सरला कोसरिया पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं और गायत्री परिवार से जुडक़र प्रत्येक घरों में अपनी पैठ बनाई है। वर्तमान में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। वे अकेली ऐसी महिला हैं, जिन्हें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष का पद मिला है। इसके साथ ही वे महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी भी हैं। उनके समक्ष वर्तमान विधायक किस्मत लाल नंद को दुहराती है तो कहा जा रहा है कि ऐसे में यहां कांग्रेस को काफी नुकसान हो सकता है। 

सरायपाली क्षेेत्र एससी आरक्षित है और वर्तमान विधायक किस्मत लाल नंद दावेदारी तगड़ी मानी जा रही है। बीते 2018 में हुए विधानसभा के नतीजे पर यदि नजर डालें तो कांग्रेस प्रत्याशी किस्मत लाल नंद को 1 लाख 302 मत मिले थे। वहीं भाजपा के प्रत्याशी श्याम तांडी को मात्र 48 हजार 017 मत ही मिल सके थे। किस्मत लाल नंद ने 52 हजार 288 मतों से जीत दर्ज की थी। 
 


अन्य पोस्ट