महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18अगस्त। पिथौरा वन परिक्षेत्र में 3 हाथियों के विचरण से आसपास के ग्रामीणों में दहशत है।
मालूम हो कि इन दिनों खेती-किसानी का काम जोरों पर है। जिसके चलते किसानों का खेतों में आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में किसान भी दहशत में हैं। कई गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। दरअसल, तीनों हाथियों में से एक हाथी ने 4 दिन पहले एक किसान को मौत के घाट उतारा है। इसके बाद बुधवार-गुरुवार की रात दो और दंतैल देवपुर में दस्तक दे चुके हैं।
वन विभाग के मुताबिक तीनों हाथी एक साथ हैं। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। गज टीम लगातार हाथियों को ट्रेस करने में जुटी है। इस टीम ने गुरुवार सुबह 3 दंतैल के सांकरा परिसर के कक्ष क्रमांक 258 में आने की सूचना ग्रामीणों को दी थी। तीनों हाथी इसी क्षेत्र में दिन भर घूमते रहे। कक्ष क्रमांक 258 के आसपास के बड़ेटेमरी, बिजेमाल, बिजराभांठा, सांकरा समेत कई गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।