महासमुन्द

युवकों ने वनरक्षक के सिर पर फोड़ी बीयर की बोतल, जख्मी
17-Aug-2023 2:16 PM
युवकों ने वनरक्षक के सिर पर फोड़ी बीयर की बोतल, जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा/बलौदाबाजार, 17 अगस्त। क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तुरतुरिया में पिकनिक मनाने गए युवकों ने वनरक्षक पर प्राणघातक हमला कर दिया। उसके सिर पर बीयर की बोतल से ताबड़तोड़ वार किया, जिससे वह लहुलुहान हो गया। उसे कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। उनके सिर में 14 टांके लगे हंै। पुलिस मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश कर रही है। मामला कोठारी रेंज के बफरा बीट का बताया जाता है।

 बलौदाबाजार से बुधवार को तुरतुरिया पहुँचे पर्यटकों ने वनरक्षक विकास बुडेक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। वन कर्मी के जिला अध्यक्ष नंद कुमार बघेल ने बताया कि कल देर शाम तुरतुरिया पहुँचे बलौदाबाजार के कुछ युवकों ने वन रक्षक की पिटाई कर दी।

 उन्होंने बताया कि तुरतुरिया में वन विभाग का काम चल रहा है, तभी कुछ युवक ठेकेदार के कर्मी के पास पहुंचे और माचिस मांगने लगे। जिस पर ठेकेदार के कर्मचारी ने माचिस नहीं होने की बात कही। तब युवकों ने ठेकेदार के कर्मचारी को तमाचा जड़ दिया और गाली गलौज करने लगे।

शोर गुल सुनकर ड्यूटी कर रहे विकास बुडेक घटना स्थल की ओर गए और समझाने लगे, तभी शराब के नशे में युवकों ने बीयर की बोतल से अचानक विकास के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया,  जिससे वे वहीं बेहोश हो गए।

सूचना पाकर ठाकुरदिया के सहायक परिक्षेत्र अधिकारी जय किशन यादव ने तत्काल विकास को कसडोल सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने तुरंत उपचार कर चोट गंभीर होने की बात कही,  सिर में 14 टांके लगाये गए हैं। अभी भी हालत स्थिर बनी हुई है ।

 वन विभाग की रिपोर्ट पर कसडोल पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है । तुरतुरिया पहुंचे करीब आधा दर्जन लोगों को थाना में बिठाकर पूछताछ की जा रही है । मारपीट करने वाले युवक फरार बताये जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट