महासमुन्द

सहारा रकम वापसी: पोर्टल में सर्वर समस्या के चलते लोग पंजीयन तक नहीं करा पा रहे
11-Aug-2023 8:39 PM
सहारा रकम वापसी: पोर्टल में सर्वर समस्या के चलते लोग पंजीयन तक नहीं करा पा रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11 अगस्त। सहारा समूह में रकम निवेश करने वाले निवेशकों की जमा रकम वापसी के लिए केंद्र सरकार द्वारा सहारा रिफं ड पोर्टल लांच किया गया है। लेकिन जिले में अब तक कुछ ही लोगों का रजिस्ट्रेशन हो पाया है। पोर्टल में सर्वर समस्या के चलते लोग पंजीयन तक नहीं करा पा रहे हैं।

अगर किसी का बार-बार प्रयास के बावजूद पंजीयन हो गया है। तो दूसरे-तीसरे स्टेप से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। जिससे सहारा के निवेशक परेशान हैं। सहारा निवेशक सुमित्रा निषाद, राकेश सागर आदि ने बताया कि वे कई दिनों से सहारा रिफंड पोर्टल में पंजीयन का प्रयास कर रहे हैं। किसी का पंजीयन दिन भर में हुआ है, तो किसी का पंजीयन अभी तक नहीं हो पाया है। वे कई बार सेंटर से वापस लौट चुके हैं।

संजीत साहू ने बताया कि आधार कार्ड मोबाइल से लिंक होने के बावजूद पंजीयन की प्रक्रिया शुरू करने पर आधार से मोबाइल लिंक न होने का मैसेज आ रहा है। जबकि कई बार प्रयास करने पर पंजीयन हो रहा है, लेकिन आगे की प्रक्रिया नहीं बढ़ रही है। जबकि 6 स्टेप में फार्म भरना है। ओटीपी के लिए निवेशकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। सहारा रिफंड पोर्टल की शुरुआत 18 जुलाई को हुई है। इसके बाद से निवेशक पंजीयन के लिए च्वॉइस सेंटर पहुंच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले के 45 हजार से अधिक निवेशकों के 350 करोड़ रुपए परिपक्वता तिथि बीत जाने के बाद भी सहारा समूह के संबंधित क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, सहारा यूनिवर्सल मल्टीपर्पज, सहारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव और स्टार्स मल्टीपर्पज को-ऑपरेटिव में फंसे हुए हैं।


अन्य पोस्ट