महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अगस्त। पुलिस ने कार के पीछे सीट व डिक्की से 200 किलो गांजा की तस्करी करते एक अंतरराज्यीय आरोपी को हिरासत में लिया है। जब्त गांजा की कीमत 50 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में आज तारीख तक 66 प्रकरणों में 124 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे कुल 11 करोड़ 41 लाख रुपए का 5 हजार 335 किलोग्राम गांजा एवं लगभग 2 करोड़ 30 लाख कीमत के 56 वाहन बरामद किया है। यह कार्रवाई सायबर सेल महासमुंद एवं थाना सिंघोड़ा की संयुक्त कार्रवाई है।
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि बरगढ़ ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप सिल्वर रंग की होण्डा सिटी कार में ओडिशा से महासमुंद होते हुए महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई है।
उक्त खबर पर पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह ने तत्काल थाना सिंघोड़ा प्रभारी एवं सायबर सेल की टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया। यह टीम महासमुंद जिले में प्रवेश करने वाले समस्त पाईंटों पर बल तैनात कर संदिग्ध वाहन की जांच कर रही थी, तभी बरगढ़ ओडि़शा की ओर से एक सिल्वर रंग की होण्डा सिटी कार पहुंची। उक्त कार को एनएच-53 रोड ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर रोका गया।
उक्त वाहन में एक व्यक्ति सवार मिला। पूछताछ में पुलिस को उन्होंने अपना नाम दीपक साहू उम्र 27 वर्ष रामनगर थाना सुपेला भिलाई बताया ।
अपने ओडिशा आने का कारण उन्होंने पुलिस को साफ साफ नहीं बताया। लिहाजा पुलिस ने उसकी कार की तलाशी ली। इस दौरान वाहन के पीछे सीट व डिक्की में बोरियों में भरा हुआ 8 प्लास्टिक की थैलियों में 200 किलोग्राम गांजा मिला।
कार से अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर 2 क्विंटल गांजा कीमती लगभग 50 लाख रुपए एवं होण्डा सिटी कार कीमती लगभग ढाई लाख रुपए कुल जुमला कीमती लगभग 52 लाख50 हजार रुपए जब्त किया गया।
आरोपी से गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर ओडि़शा से गांजा खरीद कर लाना और महाराष्ट्र में बिक्री करने ले जाना बताया। आरोपी के विरूद्ध धारा 20(ख) के तहत थाना सिंघोड़ा थाने में कार्रवाई के बाद उसे जेल दाखिल किया गया है।