महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अगस्त। बसना थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पहले एक युवक की मौत हो गई। मौत का कारण एक्सीडेंट बताया जा रहा है, लेकिन उनके परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों ने सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर जनचौपाल में शिकायत करते हुए हत्या का संदेह जाहिर करते हुए इसमें शामिल आरोपियों की पहचान कर सजा दिलाने और मामले को बसना थाना से स्थानांतरित कर राज्य अपराध अन्वेषण ब्यूरो को सौंपने की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या में युवक के ससुराल वाले शामिल हैं।
ग्राम धनापाली निवासी मृतक के भाई प्रेमचंद नायक ने बताया कि बीते 24 जुलाई की रात उसका भाई रोशन नायक अपने ससुराल ग्राम बिटांगीपाली जाने के लिए घर से निकला। रात करीब 3 बजे उसकी पत्नी संगीता नायक ने फोन कर बताया कि उनके पति रोशन नायक अचानक बेहोश हो गए हैं। सूचना मिलते ही वह हरिशंकर देवांगन के साथ तुरंत बिटांगीपाली पहुंचे और देखा कि रोशन नायक अपने ससुराल में घर के प्रवेश द्वार में जमीन पर अचेत हालत में पड़ा हुआ है।
पूछने पर बताया गया कि वह बाइक से गिर गए। फिर दोबारा पूछने पर बताया गया कि सिगरेट पीने जा रहे थे और पानी मंगाया गया, लेकिन पानी के लाने तक दुर्घटना हो चुकी थी। इसके कारण उन्हें संदेह प्रतीत हुआ। मृतक के शरीर में दुर्घटना का निशान नहीं पाया गया है। इन सबको देखते हुए परिवार को पूरा संदेह है कि रोशन नायक की हत्या हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस रवैया संदेहास्पद है। अत: हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर सजा दिलाने मामले को बसना थाना से स्थानांतरित कर राज्य अपराध अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दी जाए।