महासमुन्द
महासमुंद, 8 अगस्त। कोडार काष्ठागार के सामनेअनियंत्रित बस की चपेट में आने से 17 गायों की मौत को भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू ने प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार का नतीजा बताया है।
उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार द्वारा गोधन न्याय योजना के तहत एक वर्ष पूर्व जब रोका छेका अभियान शुरू किया तो बड़े जोर-शोर से इस योजना के प्रचार-प्रसार में करोड़ों रुपए खर्च किए। सरकार ने इसे शुरू करने से पहले अनगिनत फायदे बताये थे। अब वह पूरी तरह फ्लाप साबित हो रही है। प्रदेश सहित महासमुंद जिले में इस योजना से मवेशियों को लाभ मिलता नहीं दिख रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित गांव के प्रमुख चौक-चौराहों सहित सभी जगह पर मवेशी खुलेआम घूम रहे हैं, और लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। मवेशी भी मर रहे हैं। लाखों रूपये खर्चकर गौठान बनाए गए हैं, लेकिन इन गौठानों में न तो चारे की व्यवस्था है और न ही मवेशियों के लिए पानी की।
इससे राहगीरों के साथ भी गंभीर हादसे कई बार हुए हैं।