महासमुन्द
महासमुंद, 8 अगस्त। भूपेश बघेल पर झूठ के दम पर सरकार बनाने, खोखले वादों से बनी सरकार की दीवारें दरारों से भर चुकने, गोठानों के नाम पर करोड़ों के घोटाले जैसे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के आरोप पर संसदीय सचिव व विधायक महासमुंद विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने कहा कि रमन राज में गौशालाओं के नाम पर 1667 करोड़ रुपए डकार लिए गए। उनके कार्यकाल के 15 सालों में 17 हजार से ज्यादा गायों की मौतें भूख से, बिना चारा पानी के तड़पकर हुइ र्है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। भाजपा राज्य सरकार के जनहित के कामों का विरोध नहीं कर पा रही है तो सफल योजनाओं में झूठे आरोप लगाकर अपनी भड़ास निकालती है।
श्री चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में 9 हजार 790 गोठान बनाकर राज्य के पशुओं के संरक्षण उनकी देख रेख का प्रयास किया है। वहीं भाजपा ने न गाय की सेवा की, न भगवान श्रीराम के लिए कुछ किया। सिर्फ चुनाव के समय उनको गाय और श्रीराम की याद आती है। हम गौ माता की सेवा कर रहे हैं। तीन साल से गोठान बना रहे हैं। लेकिन भाजपा के लोग कभी नहीं गए। अब चुनाव सामने आ रहा है तो गाय खोजने के लिए गोठान जा कर निरीक्षण कर गोबर खरीदी में भ्रष्टाचार की बात कह रहे हैं। तीन साल पहले क्यों नहीं इस मुद्दे को उठाए।
उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। इसी लिए गोठान की ओर जाकर फर्जी गोबर घोटाला जनता के सामने ला रहे हैं। विधानसभा सत्र में गोबर खरीदी के संबंध में पशुपालन मंत्री ने खरीदी व बेचे गए खाद की पूरी जानकारी दी है, इसके बाजवूद बीजेपी जनता को भ्रमित कर रही हैं।