महासमुन्द
जिला अस्पताल और सिटी क्लीनिक में रोजाना 100 से अधिक के मरीज पहुंच रहे हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अगस्त। भीड़ वाले स्थानों में सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने की वजह से अब आई फ्लू (कंजक्टिवाइटिस) के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिले में एक-दो मरीजों में आई फ्लू के दौरान आंखों से खून निकलने जैसे गंभीर परिणाम भी देखे जा रहे हैं। हालांकि आंखों की देखभाल और समय पर उपचार लेने से महज 3 से 4 दिनों में आई फ्लू से आराम मिल रहा है, लेकिन लापरवाही बरतने पर इसके परिणाम गंभीर होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
जिले के सभी शासकीय चिकित्सालयों में ओपीडी की संख्या में सर्वाधिक कंजेक्टिवाइटिस के ही मरीज पहुंच रहे हैं। जिले में प्रतिदिन 1 हजार से अधिक मरीज आई फ्लू से प्रभावित हो रहे हैं। महासमुंद शहर के किसी-किसी मोहल्ले में पूरा परिवार इसकी चपेट में है।
महासमुंद जिला अस्पताल में प्रतिदिन आई फ्लू के मरीजों की संख्या 100 से ऊपर चल रही है। यही स्थिति प्राथमिक तथा सामुदायिक चिकित्सालयों की है, वहीं निजी चिकित्सालयों में भी मरीजों की संख्या कम नहीं है। गत 5 दिनों में कंजेक्टिवाइटिस का फैलाव और भी तेज हो गया है। इसके चलते शासकीय निजी स्कूलों में बच्चों की दर्ज संख्या कम हो गई है। सिटी क्लीनिक में रोजाना 100 से अधिक आई फ्लू के मरीज पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में वायरल संक्रमण की वजह से आंखों में यह रोग फैल रहा है। इस मौसम में आंखों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश के मौसम के चलते वातावरण में नमी बनी हुई है। फलस्वरूप मौसम का आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके चलते आई फ्लू यानि कंजेक्टिवाइटिस का प्रकोप फैल रहा है। अस्पतालों में आंखों के मरीजों की भीड़ लगी है। प्रतिशत मरीज आई फ्लू के आ रहे हैं। मरीजों में सर्वाधिक संख्या युवाओं व बच्चों की है। जानकारी के मुताबिक अब आई फ्लू से पीड़ित मरीजों को हल्का बुखार, हाथ पैरों में दर्द की भी शिकायतें आ रही हैं।