महासमुन्द

किसानों ने संसदीय सचिव द्वारकाधीश से की मुलाकात
31-Jul-2023 2:57 PM
किसानों ने संसदीय सचिव द्वारकाधीश से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 31 जुलाई। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम एमके बाहरा के किसान बड़ी संख्या में बागबाहरा स्थित विधायक कार्यालय पहुंचे तथा संसदीय सचिव व विधायक द्वारिकाधीश यादव से मुलाकात की। विधायक से मुलाकात के दौरान किसानों ने अपनी समस्या बताइई तथा राजस्व एवं वन भूमि पट्टा दिलाने की मांग रखी।

मांगपत्र के रूप में सौंपे आवेदन में किसानों ने बताया कि हम सब किसान खल्लारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बागबाहरा विकासखंड के ग्राम एम के बाहरा के निवासी हैं तथा हमारे पूर्वज लगभग 70 से 80 वर्षों से राजस्व एवं वन भूमि में काबिज होकर जीवनयापन के लिए खेती-बाड़ी करते आ रहे हैं पर आज तक हम लोगों को उक्त भूमि का मालिकाना हक प्राप्त नहीं हुआ है । जिसके चलते हम किसानों को साख सहकारी समिति से उक्त जमीन के आधार पर खाद बीज एवं ऋण प्राप्त नहीं मिलता और न ही हम उक्त भूमि पर पैदा किए गए धान को सरकार को बेच पा रहे हैं, जिससे हमें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

आवेदन में उन्होंने गांव में 1 समिति गठित कराने हेतु एवं उक्त भूमि के लिए उचित सरकारी कार्यवाही कराते हुए जमीन के पट्टा दिलाने की मांग की है।

संसदीय सचिव द्वारकाधीश यादव से मुलाकात करने पहुंचे किसानों में प्रमुख रूप से कमल नारायण साहू सरपंच, टीकम साहू रामेश्वर साहू टोकेश साहू ,कन्हैया यादव परमानंद पटेल सुरेश यादव लखन पटेल सुकालूराम मोहन यादव देवेन पटेल वेणुघर पटेल विष्णु पटेल चुन्नू राम साहू राजू साहू भुनेश्वर साहू विजय साहू हेटकू पटेल सुरेश साहू अवध राम साहू छगन खडिय़ा सूरज भाई खडिय़ा दिनेश सूर्यवंशी चेतराम खडिय़ा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट