महासमुन्द
अनेक स्थानों पर जलपान की व्यवस्था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। सावन के चौथे व पुरुषोत्तम मास के सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए कावरियों का जत्था कल शनिवार शाम से ही बम्हनी पहुंचने लगा है। आज रविवार सुबह से ही बोलबम के जयघोष के साथ कांवरि बम्हनी स्थित श्वेत गंगा कुंड से जल लेकर सिरपुर नगरी के लिए रवाना हो रहे हैं। सडक़ों पर कांवरियों का रेला लगा हुआ है। कांवरियों के लिए अनेक स्थानों पर जलपान की व्यवस्था शिवभक्तों की टोलियों द्वारा की जा रही है। नगर के शास्त्री चौक, गुरू गोविंद सिंह गार्डन, पटवारी कार्यालय के सामने भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। इसी तरह बम्हनी में भी उत्साही युवकों द्वारा पोहा, चाय आदि का वितरण किया जा रहा है।
सिरपुर पहुंचने वाले कांवरियों के लिए आज रविवार को मां महामाया ग्रुप महासमुंद व दीपक सोनी द्वारा भोजन की व्यवस्था की गई है। अनुमान है कि इस बार भी 5 हजार से अधिक कांवरिये सिरपुर पहुंचेंगे। बम्हनी के रामेश्वर पाण्डेय, खिलावन यादव दिनेश यादव, भुवन साहू, याद राम साहू, गोपाल साहू, राजेश साहू, भारत साहू ने बताया कि बम्हनी पहुंचने वाले कांवरियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी करने का निर्णय बम्हनी के उत्साही युवकों द्वारा लिया गया है। अत: बम्हनी स्थित श्वेत गंगा कुंड में सावन माह में प्रतिदिन गंगा आरती की जा रही है। इस बार युवकों का जत्था उत्साह से कांवर लेकर गंगा आरती में भाग ले रहा है।
पूरे 58 दिनों तक चलने वाले इस गंगा आरती में प्रतिदिन जजमान के माध्यम से आरती की व्यवस्था की गई है। पूरे 58 दिन के लिए जजमान नियुक्त हो चुके हैं। संध्याकालीन आरती में प्रतिदिन 60 से अधिक श्रद्धालु अपने घरों से आरती की थाल व पूजन सामग्री लेकर गंगा मैय्या की आरती करने पहुंच रहे हैं। वर्ष 2016 में यहां गंगा आरती की शुरूआत की गई थी। तब से धीरे धीरे लोग जुटते गए। इस बार बम्हनी के आसपास गांव के अलावा महासमुंद शहर, रायपुर व अन्य स्थानों से गंगा आरती करने श्रद्धाभाव से पहुंच रहे हैं।