महासमुन्द

महासमुंद से लगे ओडिशा में भी तेजी से फैल रही आई फ्लू, स्वास्थ्य प्रशासन अलर्ट
30-Jul-2023 3:45 PM
महासमुंद से लगे ओडिशा में भी तेजी से फैल रही आई फ्लू, स्वास्थ्य प्रशासन अलर्ट

जिले के स्कूलों में अब बच्चों की उपस्थिति काफी कम होने लगी है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 30 जुलाई।
महासमुंद जिले से लगे ओडि़शा राज्य में भी आई फ्लू बहुत तेजी से फैल रही है। पड़ोसी जिला होने के बावजूद महासमुंद में इससे सुरक्षा को लेकर इंतजाम नदारद है। हालांकि इसे लेकर स्वास्थ्य प्रशासन अलर्ट है लेकिन सावन मास की वजह से शिवालयों में कांवरियों का आना-जाना लगा हुआ है।

 फ लस्वरूप भीड़ में आई फ्लू के और भी तेजी से फैलने की संभावना है। इसे लेकर शिवालयों में भी किसी तरह का इंतजाम दिखाई नहीं दे रहा है। महासमुंद जिले के स्कूलों में अब बच्चों की उपस्थिति काफी कम होने लगी है। 

स्कूलों में घट रही दर्ज संख्या कंजक्टिवाइटिस का असर अब शहर के शासकीय व निजी स्कूलों में भी देखा जा रहा है। इन दिनों स्कूलों में भी बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। हालांकि प्रभावित बच्चों को सुरक्षा की दृष्टि से शिक्षक उपचार होने तक घर पर ही रहने की सलाह दे रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बृजराज पाठशाला,केंद्रीय विद्यालय,गंजपारा प्राथमिक शाला सहित अनेक शासकीय व निजी स्कूलों के बच्चे आई फ्लू के चपेट में आ गए हैं। फलस्वरूप स्कूलों में दर्ज संख्या घट रही है।

इस तरह पिछले 20 दिनों से शुरू हुआ कंजेक्टिवाइटिस का कहर अब और भी तेज होने लगा है। इससे प्रभावित होने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शहर के दवा दुकानों में आई ड्रॉप की कमी होने लगी है। आई फ्लू के तेजी से फैलने की खबर फैलते ही आई ड्रॉप की बिक्री एकदम से बढ़ गई। लिहाजा अब आई ड्रॉप की किल्लत भी शुरू होने लगी है। 

जिले के सभी शासकीय चिकित्सालयों में ओपीडी की संख्या में सर्वाधिक कंजेक्टिवाइटिस के ही मरीज पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन आई फ्लू के मरीजों की संख्या 100 से ऊपर चल रही है। यही स्थिति प्राथमिक तथा सामुदायिक चिकित्सालयों की है। वहीं निजी चिकित्सालयों में भी मरीजों की संख्या कम नहीं है। 

इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.राजेश साहू का कहना है कि पिछले 5 दिनों में आई फ्लू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सामान्य तौर पर यदि प्रभावित व्यक्ति के साबुन, टॉवेल, रुमाल उपयोग करने से फैलता है। लक्षण दिखते ही चिकित्सक से संपर्क साधना चाहिए। शासन से पत्र के अनुसार चिकित्सालयों को अलर्ट कर दिया गया है।
चिकित्सकों के मुताबिक कंजेक्टिवाइटिस में आंखों में जलन और खुजली के साथ.साथ सफेद चिपचिपा द्रव्य भी निकलता है। प्रभावित को आंख को खुजलाने की लगातार इच्छा होती है और कुछ मामलों में दर्द भी हो सकता है।

 यह कुछ संक्रामक बैक्टीरिया या गैर.संक्रामक पदार्थ जैसे धूल या अन्य एलर्जी के कारण हो सकते हैं। निदान की पुष्टि आम तौर पर डॉक्टर द्वारा शारीरिक परीक्षण से की जाती है और उपचार की स्थिति में संक्रामक कारण पर प्रतिबंध लगाया जाता है।
 


अन्य पोस्ट