महासमुन्द
दिवंगत को प्रधानमंत्री आवास योजना का भी लाभ मिला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,29 जुलाई। मृत कृषक कन्हैया लाल सिन्हा के संबंध में जिला प्रशासन ने संयुक्त प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन में पाया है कि मृतक किसान कन्हैया लाल के पास सहकारी बैंक में कोई कर्ज नहीं था। जबकि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक तेंदूकोना शाखा से कन्हैया लाल का वर्ष 2018 का 86 हजार 003 रुपए का ऋण भी माफ हुआ था। उनके पुत्र के नाम पर मात्र सहकारी बैंक मुनगासेर में 7747 रुपए का अल्पकालिक कर्ज था, जो माफ हो गया था।
इसी तरह मृतक किसान कन्हैया लाल व उनके पुत्र के नाम पर कुल 2.40 हेक्टेयर जमीन है। वे समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करते थे और राजीव गांधी किसान योजना के तहत पिता.पुत्र को कुल 2 लाख एक हजार 472 रुपए का लाभांश भी मिला है। कन्हैया लाल को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी प्राप्त हुआ है। जिला प्रशासन ने उनकी मौत के तत्काल बाद अंतरिम राहत के रूप में उनके परिजनों को तत्काल सहायता राशि के रूप में 20 हजार रुपए नगद प्रदान किया है।
बागबाहरा अनुविभागीय अधिकारी श्रृृष्टि चंद्राकर ने बताया कि तहसील बागबाहरा अंतर्गत ग्राम छुईहा तेन्दुकोना जिला महासमुंद निवासी किसान कन्हैया लाल सिन्हा पिता बिसाहू राम की गुरुवार को मृत्यु की सूचना के संबंध में ग्राम के कोटवार एवं हल्का पटवारी के माध्यम से प्राप्त होने पर संयुक्त जांच किया गया। जांच अनुसार मृतक कन्हैया लाल सिन्हा के वारिसान पुत्र भागीरथी, 2 पुत्रियां, पत्नी सहित कुल 04 परिवार हैं। कन्हैया लाल के नाम से ग्राम छुईहा, पटवारी हल्का नंबर में 10 में कुल 04 खसरा, कुल रकबा 1.80 हेक्टेयर जमीन राजस्व अभिलेख में दर्ज है। इसके अलावा कन्हैया लाल के पुत्र भागीरथी के नाम से ग्राम छुईहा में 0.60 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। इस तरह इनके परिवार में कुल 2.40 हेक्टेयर खेती योग्य भूमि है।
जांच रिपोर्ट में प्रशासन ने पाया है कि कन्हैयालाल ने बीते सालों में 4 लाख 60 हजार 992 रुपए का समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया है। उनके द्वारा नियमित रूप से कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित मुनगासेर में खरीफ उत्पादन धान का विक्रय किया जाता रहा है। कृषि साख समिति मुनगासेर से प्राप्त जानकारी अनुसार कन्हैया लाल ने 2018-19 से 2022-23 तक कुल 4 लाख 60 हजार 992 रुपए का समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया गया। जबकि उनके पुत्र द्वारा 2019-20 से 2022-23 तक कुल एक लाख 54 हजार 76 रुपए का धान विक्रय किया गया है।
इसी तरह जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा कोमाखान मैनेजर से प्राप्त जानकारी के आधार पर मृतक कन्हैया लाल के द्वारा वर्तमान में किसी प्रकार का कर्ज नहीं लिया गया है। कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित मुनगासेर से प्राप्त धान विक्रय पावती पत्रक में उल्लेखित टिप्पणी के आधार पर मृतक कन्हैया लाल ने किसी प्रकार का कर्ज नहीं लिया है। जबकि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक तेंदूकोना शाखा से कन्हैया लाल का वर्ष 2018 का 86 हजार रुपए का ऋण भी माफ हुआ है।
कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित मुनगासेर के अल्पावधि ऋण लेजर के अनुसार 31 नवम्बर 2018 में उनके पुत्र भागीरथी के नाम से 7 हजार 747 रुपए का लिया गया ऋण माफ हुआ है। शासन द्वारा 31 जुलाई 2018 की स्थिति में लंबित राष्ट्रीकृत एवं सहकारी बैंक के अल्पकालिक कृषि ऋण को माफ किया गया था। राज्य शासन द्वारा संचालित राजीव गांधी न्याय योजना से कन्हैया लाल को एक लाख 60 हजार 575 रुपए का लाभांश व उनके पुत्र भागीरथी को 40 हजार 897 रुपए का लाभांश का लाभ भी मिला है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कन्हैया लाल को चारों किस्त कुल 1 लाख 20 हजार रुपए प्राप्त हुआ, जिससे घर भी पक्का बनाया गया है।