महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जुलाई। पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा के साथ बिरोकानी ग्राम के पूर्व सरपंच व जनपद सदस्य टूप सिंग निषाद एवं भाजपा नेता मोहन साहू घोड़ारी के पूर्व सरपंच रामाश्रय यादव ने बिरकोनी ग्राम के चूणामणी पटेल की कब्जे वाली जमीन का मुआयना किया।
विगत दिनों थाने के माध्यम से अवैधानिक रूप से पटेल परिवार पर बनाए जा रहे अनुचित दबाव को लेकर पटेल परिवार ने ग्राम के प्रतिष्ठित लोगों के माध्यम से डॉ.विमल चोपड़ा से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगायी थी।
इसी परिपेक्ष्य में कल डॉ. चोपड़ा ने स्थल मुआयना कर भूमि संबंधित कागजात की जांच परख की। इस दौरान पता चला कि उक्त भूमि को 40 से 50 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा पटेल परिवार को सब्जी बाड़ी के लिए दी गयी थी और तभी से पटेल परिवार शांति से अपना जीवन यापन कर रहा था। राजेन्द्र चन्द्राकर द्वारा विरोध के बावजूद सन 2000 में 01 हेक्टेयर जमीन की लीज 2010 तक के लिए करायी गयी जिसका ग्रामवासियों ने विरोध किया था।
डॉ. चोपड़ा ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि साल 2010 के बाद ग्रामवासियों के विरोध के बावजूद 2015 तक लीज राजनैतिक प्रभाव से बढ़ा दी गयी। कुल 0.10 हेक्टेयर के लीज के बदले काफ ी बड़ी भूमि पर कब्जा किया गया। इसी बीच पटेल परिवार लगातार अपना जीवन यापन भूमि में कब्ज के साथ करता रहा। लीज समाप्ति के पश्चात कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर जमीन को खाली कराया गया। वर्तमान में जमीन की कीमत इसलिए बढ़ गयी। क्योंकि यह हाइवे के चौड़ीकरण के कारण हाइवे से लग गयी और लगातार अवैधानिक दबाव डालकर गरीब पटेल परिवार को भूमि खाली कराने हेतु दबाव बनाया जाता रहा।
डॉ. चोपड़ा के मुताबिक लीज की अवधि समाप्ति के बाद भी कब्जा रखना एवं 0.10 हेक्टेयर के बजाय अवैधानिक रूप से बड़ी भूमि पर कब्जा किया गया है। महासमुंद थाने के माध्यम से पटेल परिवार को प्रताडि़त किया जा रहा है। इस संबंध में एडीशनल एसपी से मोबाइल से चर्चा कर शिकायत की गयी है। इस अवसर पर डा. चोपड़ा के साथ ग्रामीण टूप सिंग निषाद पूर्व सरपंच,उमेंश चन्द्राकर, संजू पटेल, विक्रम मानिकपुरी, भागवत सेन, मेघराज साहू, संतोष साहू, डोल कुमार साहू, राम जी साहू, टाकेश्वर सेन, बल्ला निषाद, टेकू निषाद आदि उपस्थित थे।