महासमुन्द

सरकारी जमीन पर निजी खर्च से दुकानें बनाकर सरपंच पर बेचने का आरोप
28-Jul-2023 4:49 PM
सरकारी जमीन पर निजी खर्च से दुकानें बनाकर सरपंच पर बेचने का आरोप

शिकायत पर बरसते पानी में ढलाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 28 जुलाई।
समीप की ग्राम पंचायत लाखागढ़ में सरपंच द्वारा सरकारी भूमि पर निजी खर्च से दुकानें बनाकर बेचने के मामले में शिकायत के बाद शुक्रवार को बरसते पानी में आनन फ़ानन में ढलाई की जा रही है। 

ज्ञात हो कि उक्त सरकारी भूमि अभिलेख के अनुसार लाखागढ़ प्राथमिक शाला के अधीन है। जिस पर शिक्षा विभाग की अनुमति के बगैर निर्माण नही कराया जा सकता।
मिली जानकारी के अनुसार कोई पखवाड़े भर पूर्व सम्पन्न लाखगढ़ ग्राम पंचायत चुनाव में प्रियरंजन कोसरिया लगातार चौथी बार चुनाव जीते थे। ग्राम के एक मात्र तालाब को करीब आधा पाटकर वहां निजी तौर पर दुकानें बना कर बेचने के आरोपों में घिरे सरपंच अब ग्राम के प्राथमिक शाला परिसर में दुकानें बना कर बेचने के मामले में घिर रहे हैं। 

उक्त मामले की शिकायत ग्राम लाखागढ़ के अरविंद एवं बेदराम कोसरिया द्वारा कलेक्टर जनदर्शन सहित स्थानीय स्तर पर की है। शिकायत होने की जानकारी मिलते ही आज आनन फानन में बरसते पानी में ही 8 दुकानों का लेंटर डाल दिया गया।

शिकायत कर्ताओं के सामने अपनी आंखों के सामने अवैध निर्माण होता दिख रहा है परन्तु किसी भी अधिकारी द्वारा उनकी शिकायत पर संज्ञान नहीं लिए जाने से अब लाखागढ़ प्राथमिक शाला की भूमि पर खुलेआम कब्जा कर दुकाने बेची जा रही है। जिससे भविष्य में स्कूल उन्नयन सहित शिक्षा विभाग के अन्य प्रयोजनों हेतु रखी गयी भूमि निजी हाथों में चली गयी है।

ज्ञात हो कि इसी पंचायत में इसके पूर्व तालाब में पानी कम होते ही इसमें भी निजी वेल्डिंग वर्क वाले द्वारा दुकानें बना कर बेच दी गई और आज तालाब की भूमि पर एक ट्रैक्टर शोरूम संचालित है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी कोई कार्यवाही नही होने से ग्रामीण पूरे मामले में उच्च अफसरों एवं नेताओं की मिलीभगत मान रहे हंै।


अन्य पोस्ट