महासमुन्द

छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आगाज कल से, द्वारिकाधीश करेंगे शुभारम्भ
16-Jul-2023 2:56 PM
छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आगाज कल से, द्वारिकाधीश करेंगे शुभारम्भ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16 जुलाई। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करनेए प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने व उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं खेल भावना का विकास करने हेतु छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक 2023.24 का आगाज हरेली त्यौहार 17 जुलाई से हो रहा है। शुभारम्भ अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव एवं विधायक खल्लारी  द्वारिकाधीश यादव होंगे।

कलेक्टर प्रभात मलिक ने जिले में हरेली त्यौहर के आयोजन एवं कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस आलोक को नोडल अधिकारी एवं जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे को सहायक नोडल अधिकारी बनाया है। सीईओ  आलोक ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, खेल अधिकारी से आवश्यक समन्वय करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद खेल मैदान में तैयारी करने कहा है। जिला मुख्यालय के साथ ही जिले भर में आयोजन कराया जाना है जिसके लिए निर्देश जारी किया गया हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतियोगिता आयोजन का दायित्व पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रतियोगिता के आयोजन का दायित्व नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को सौंपा गया है। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल प्रतियोगिता में 16 खेल विधाएं सम्मिलित की जाएंगी। इनमें सामूहिक खेल गिल्ली डंडा, पिट्टूल,संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो.खो, रस्साकसी, बांटी कंचा, एकल बिल्लस,  फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सीकूद, कुश्ती शामिल है।

                प्रतियोगिता में महिला एवं पुरूष दोनों वर्ग में प्रतिभागी भाग लेंगे। तीन आयु वर्गों 18 वर्ष तक, 18 से 40 वर्ष तक एवं 40 वर्ष से अधिक वर्ष के प्रतिभागियों के मध्य प्रतियोगिता होगी। खेल 6 स्तर पर सम्पन्न होगा। पहला राजीव युवा मितान क्लब, दूसरा जोन स्तर,8 क्लब को मिलाकर 1 जोन होगा। तीसरा विकासखंड, नगरीय क्लस्टर स्तर, चौथा जिला स्तर, पांचवा संभाग एवं छठवां राज्य स्तर पर खेल का आयोजन होगा।


अन्य पोस्ट