महासमुन्द

एस्मा लगाने के विरोध में 1348 संविदा कर्मियों ने सौंपा इस्तीफा
15-Jul-2023 2:52 PM
एस्मा लगाने के विरोध में 1348 संविदा कर्मियों ने सौंपा इस्तीफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जुलाई।
संविदा स्वास्थ्य कर्मियों पर एस्मा लगाने के विरोध में जिले के 1348 संविदा कर्मियों ने इस्तीफा दे दिया।  शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को सामूहिक त्याग पत्र सौंपा। साथ ही मांग पूरी होने तक कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की बात कही। मालूम हो कि संविदा कर्मियों की हड़ताल से विभागों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। हड़ताल का असर सबसे ज्यादा स्वास्थ्य विभाग पर पड़ रहा है। मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है या तो निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ रहा है।

मालूम हो कि जिले के 54 विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारी एक सूत्रीय नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। संविदा कर्मियों ने 3 जुलाई से काम बंद कर जिला मुख्यालय के पटवारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद 10 जुलाई से तूता रायपुर में प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार ने काम पर वापस लौटने के लिए हड़ताली संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों पर 11 जुलाई को एस्मा लगा दिया। 

जिला संयोजक रामगोपाल खुंटे ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने सरकार बनने से पहले 2018 के जन घोषणा पत्र में संविदा कर्मचारियों से नियमितीकरण का वादा किया था। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के साढ़े चार साल बाद नियमितीकरण तो दूर नियमित रूप से जो वेतन बढऩा था, वह भी नहीं बढ़ाया गया। 

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की बिना भर्ती किए नई.नई योजनाओं के संचालन का बोझ बढ़ गया है। एस्मा एक्ट की निंदा करते मुख्यमंत्री के नाम 1348 कर्मचारियों के हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक त्याग पत्र अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा को सौंपा है। इससे पहले संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने सीएमएचओ कार्यालय में भी अपना त्याग पत्र दिया। 

इस दौरान डा. बीएल मिश्रा,डॉ. देवेंद्र साहू, अभिषेक शर्मा, हेमकुमार सोनकर, ढोलचंद नायक, सुरेंद्र चंद्राकर, जयकांत विश्वकर्मा, डॉ. गेवंद्र नोरंगे, डॉ. सिम्पी गिरी, समीर तिवारी आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट