महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई। अपने 24 सूत्रीय मांगों को लेकर जिले भर के स्वास्थ्य कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ नर्स, लेब टेक्नीशियन, एक्स.रे मशीन ऑपरेटर के एक साथ हड़ताल पर चले जाने से जिले भर में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई है।
मंगलवार को पहले ही दिन जिला मुख्यालय सहित ब्लॉक मुख्यालयों के अस्पताल में इसका असर देखा गया। हड़ताल की वजह से स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा अस्पतालों में आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित रहीं। मेडिकल कॉलेज सहित जिले भर के सभी सीएचसी, पीएचसी में आने वाले मरीज मायूस होकर लौटते रहे।
जानकारी के अनुसार लंबित 24 सूत्रीय मांगों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अनियमित दैनिक वेतनभोगी, संविदा मानदेय पर कार्यरत 35 हजार से अधिक अधिकारी, कर्मचारियों के नियमितीकरण, 52 वर्ष जॉब सिक्यूरिटी की मांगें शामिल हैं।
छग प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विपिन प्रधान ने बताया कि संघ के प्रांताध्यक्ष आलोक मिश्रा के आवहान पर डीएमएफ ,सीएचओ संघ द्वारा प्रदेश के मेडिकल कॉलेज, 33 जिले में संचालित जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र के नियमित, अनियमित संविदा दैनिक स्वास्थ्य कर्मचारी संघ से संबंधित सभी कार्य प्रभावित रहा। मरीजों के हर प्रकार की जांच, एक्स-रे, नसबंदी आदि के लिए पहुंचे मरीज मायूस होकर लौटते रहे। मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल के अधीक्षक वसंत माहेश्वरी ने कहा है कि डॉक्टर, स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। दैनिक वेतनभोगी, कलेक्टर दर कर्मियों की मांगें सरकार के 4 वर्ष 6 बाद भी पूरी नहीं की जा रही है। जिसके चलते वे आंदोलन करने मजबूर हैं। बताया कि जब तक शासन की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगा। जिले के प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र सहित मेडिकल कॉलेज सहित जिला अस्पताल में आपातकालीन सेवा को छोड़ मरीजों को कोई परेशानी न हो।