महासमुन्द

पहले बाइक चोरी की शिकायत पर युवक को थाने में बंद कराया, फिर रात में हथकड़ी खोलकर आरोपी को अपने साथ ले जाकर मारपीट की
05-Jul-2023 2:59 PM
पहले बाइक चोरी की शिकायत पर युवक को थाने में बंद कराया, फिर रात में हथकड़ी खोलकर आरोपी को अपने साथ ले जाकर मारपीट की

सोशल मीडिया में वीडियो फैला, पिथौरा थाने में पदस्थ दो आरक्षक लाइट अटैच 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई।
महासमुंद जिले के पिथौरा थाने में पदस्थ दो आरक्षकों की बड़ी लापरवाही के चलते उन्हें लाइट अटैच कर दिया गया है।  इस मामले की जांच का जिम्मा एसडीओपी पिथौरा को सौंपा गया है। 

यह मामला सामने आया है कि जिस शख्स ने बाइक चोरी की शिकायत पर युवक को थाने में बंद कराया, उसी ने रात में हथकड़ी खोलकर आरोपी को अपने साथ ले गया और रास्तेभर उसके साथ मारपीट की। सोशल मीडिया में इसका एक वीडियो भी सामने आया है। लिहाजा वारदात के समय वहां मौजूद दो आरक्षकों को एसपी धर्मेंद्र सिंह ने थाने से हटाकर लाइन अटैच कर जांच के निर्देश दिए हैं।

मामला यह है कि थाना पलारी जिला बलौदाबाजार निवासी तरुण कुमार डहरिया पिथौरा के एक ढ़ाबे में काम करता था। उसे  रायगढ़ में रहने वाले राहुल सिंह और सन्नी सरदार ने बाइक चोरी के आरोप में पिथौरा में पकड़ा,दोनों ने तरुण के साथ मारपीट की। तरुण को पीटते-पीटते दोनों युवक पिथौरा थाना लाए। इस वक्त ड्यूटी में आरक्षक गोपाल यादव और शैलेष ठाकुर थे। ये दोनों आरक्षक शिकायतकर्ता के भाई के बैचमेट थे। युवक को थाने में बंद किया गया और आरोपी ने रात में हथकड़ी खोलकर आरोपी को अपने साथ ले जाकर रास्तेभर  मारपीट की। सोशल मीडिया में इसका एक वीडियो भी सामने आया है।

बताया जाता है कि शिकायतकर्ता का भाई पुलिस विभाग में आरक्षक है। उन्हीं के कहने पर पीडि़त युवक को हिरासत में लिया गया था। पिथौरा थानेदार शशांक पौराणिक ने मीडिया को बताया कि आरक्षकों ने लापरवाही बरती है। सुपुर्दनामा होने के बाद हथकड़ी को आरक्षकों को खोलना था, लेकिन शिकायतकर्ता ने खोला और इसका वीडियो भी बना लिया। यही वीडियो उन्होंने वायरल किया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीडि़त तरूण डहरिया रायगढ़ में राहुल सिंह के यहां झाडू़-पोछा का काम करता था। कुछ दिन पहले राहुल की बुलेट को लेकर तरुण अपने गांव आ गया और पिथौरा के एक ढाबे में काम करने लगा। इसकी सूचना राहुल सिंह को मिली तो अपने दोस्त सन्नी सरदार के साथ 30 जून को पिथौरा आया और तरुण को ढूंढने लगा। रात में तरुण से मुलाकात पिथौरा के पास एक ढाबे में हुई है। इसके बाद दोनों युवक अपने भाई को सूचना देकर पिथौरा पुलिस की मदद करने की बात कही। 

इसके बाद दोनों आरक्षकों ने पिथौरा ढाबे में आकर तरुण को पीटते हुए थाने लाया। रास्ते भर पीडि़त से मारपीट होती रही और रायगढ़ लाकर स्टेशन चौक के आसपास फिर घंटों मारपीट की। फि र आरोपी युवकों ने तरुण को सिटी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पीडि़त ने दोनों युवकों के खिलाफ  पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। 
पीडि़त का कहना है कि मैंने बुलेट चोरी नहीं की है। काम की मजदूरी नहीं देकर मुझसे कहा गया कि बुलेट लेकर घूमने जाओ। मैं बुलेट लेकर अपने गांव आ गया था। 

इस घटना को सोशल मीडिया में देखकर सिटी कोतवाली पुलिस के पास शहर की एक महिला आवेदन लेकर सोशल मीडिया के वीडियो साथ पहुंची, तब पुलिस ने पीडि़त युवक तरुण को कोतवाली से यह कहकर छोड़ दिया कि इसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है। इसके बाद यह वीडियो इंस्टाग्राम से डिलीट भी कर दिया गया। 

मामले ने जब तूल पकड़ा, तब पीडि़त युवक के साथ कुछ लोगों ने रायगढ़ पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पिथौरा थाने में शिकायत करने की सलाह दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही पिथौरा थाना में पदस्थ आरक्षक शैलेष ठाकुर व गोपाल यादव को पुलिस अधीक्षक ने लाइट अटैच कर दिया है।

वहीं इस मामले की जांच का जिम्मा एसडीओपी पिथौरा को सौंपा गया है।
 


अन्य पोस्ट