महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई। बीते 4 जुलाई को विकास खण्ड पिथौरा के प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति बढ़ाईपाली के आश्रित ग्राम बगारपाली में अतंर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर सहकारिता से समृद्धि विषय पर संगोष्ठी-परिचर्चा का कार्यक्रम जिला सहकारी संघ मर्या. महासमुंद के तत्वाधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहन सिंग ठाकुर गोठान समिति अध्यक्ष, अध्यक्ष गुरूवंश सिंग चावला, प्राधिकृत अध्यक्ष जिला सहकारी संघ मर्या. महासमुंद, विशेष अतिथि सावित्री साहू, सुशीला ठाकुर, सदानंद कन्दोही थे।
जिला प्रचार प्रसार अधिकारी एस आर बंजारे ने सर्वप्रथम सहकारिता से समृध्दि विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सन् 1923 से जुलाई के पहले शनिवार हर साल संयुक्त राष्ट्र अतंर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समान्य लक्ष्यों और उद्देश्यों पर जोर देकर सहकारी समितियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।
उक्त कार्यक्रम में प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों से संग्रहकों और उनके बच्चों को दिये जाने वाले छात्रवृत्ति, बीमा के बारे में सावित्री साहू, गीता ठाकुर प्रबंधक द्वारा बताया गया। ग्राम पंचायत के सरपंच ने भी मनरेगा की जानकारी दी तथा आभार प्रदर्शन के पश्चात कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की गई। उक्त कार्यक्रम में 52 लोग उपस्थित थे।