महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 जुलाई। नियमितिकरण का मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गये संविदा कर्मियों की वजह से 54 विभागों का कामकाज ठप हो गया है। हालांकि जिला प्रशासन व्यवस्था सुधारने के लिये प्रयास कर रही है फिर भी अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
हड़ताली संविदा कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व कर रहे कौशलेश तिवारी ने कहा कि सरकार ने हम संविदा कर्मचारियों से 2018 के चुनाव के जनघोषण पत्र के बिंदु क्रमांक 11 में नियमितिकरण का वादा किया था। लेकिन सरकार के 4 साल 6 माह बीत जाने के बाद भी वादा कर पूरा न करना गैर लोकतांत्रिक हैं।
उन्होंने कहा कि इन साढ़े चार साल में सरकार की तरफ से संवादहीनता की स्थिति है। रथयात्रा में 33 जिला कलेक्टर को और कई कांग्रेस मंत्रीगण, विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देने के बाद भी संवाद कायम नहीं किया गया। जो लोकतंत्र में चिंताजनक एवं दुखद है। इस हड़ताल में पंचायत, शिक्षा, महिला बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, कलेक्टर कार्यालय आदि विभागों में काफी प्रभाव पड़ा है। कल पटवारी दफ्तर के समक्ष धरना देकर संविदा कर्मियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबााजी की।
संविदा कर्मी पटवारी दफ्तर के सामने अपनी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के विरूद्ध हल्ला बोल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक नयापारा स्थित सिटी क्लिनिक के एक भी कर्मचारी हड़ताल में शामिल नहीं हुए लेकिन उनकी ओर से हड़ताल को समर्थन है। हड़ताल स्थल में बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी शामिल हुए। आज हड़ता का दूसरा दिन है। महिलाओं ने अपने हाथों में संविदा नियमितीकरण लिखकर सोशल मीडिया में वायरल किया है। जिला इकाई महासमुंद से जिला संयोजक रामगोपाल खूंटे,डा.देवेंद्र साहू, सीतल सिंह, अभिषेक शर्मा, डा. सुुरेखा साहू, अर्चना चंद्राकर,समीर तिवारी, सुरेन्द्र चंद्राकर,इंद्राणी ध्रुव, कोमल साहू,डा. विकास चंद्र, डॉ. हेमंत कुमार, वीरेंद्र नंद भी हड़ताल पर हैं और चिकित्सालयों में मरीजों को भटकना पड़ रहा है।
सी तरह जिला मुख्यालय के आसपास के ग्रामों की स्कूलों में संविदा के भर्ती शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे है। कल पहले दिन स्वास्थ्य शिक्षा तथा पंचायत विभाग में इसका खासा असर देखा गया। हड़ताल की वजह से जहां एक और अनेक प्राथमिक, माध्यमिक शालाओं में पढ़ाई प्रभावित हुई। वहीं, मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स सहित विभिन्न संविदा कर्मियों के हड़ताल में होने की वजह से स्वास्थ्य सहित अन्य कामकाज ठप रहे।
पंचायत विभाग में अधिकांश ऑपरेटर तथा कर्मचारी संविदा के तहत भर्ती हैं। फलस्वरूप शासन की विभिन्न योजनाएं हड़ताल की वजह से प्रभावित हो रही है। आगामी 7 जुलाई से अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने तथा स्वास्थ्य कर्मचारी संगठन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दे दी है। स्वास्थ्य संगठन में चिकित्सक सहित लैब ऑपरेटर नर्स आदि शामिल हैं। जबकि फेडरेशन में 45 विभागों के 5 हजार से अधिक वर्ग 4 से वर्ग 2 तक के अधिकारी, कर्मचारी शामिल हैं।