महासमुन्द

दलगत राजनीतिक दुर्भावना के चलते गुरु घासीदास प्रतीक्षा बस स्टैंड में संचालित दाल भात केंद्र बंद
04-Jul-2023 3:35 PM
दलगत राजनीतिक दुर्भावना के चलते गुरु घासीदास प्रतीक्षा बस स्टैंड में संचालित दाल भात केंद्र बंद

 यही वह केंद्र है जहां पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा, विधायक विनोद चंद्राकर, नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने श्रमिकों के साथ भोजन किया था 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जुलाई।
महासमुंद में दलगत राजनीतिक दुर्भावना के चलते गुरु घासीदास प्रतीक्षा बस स्टैंड में संचालित बलिदानी वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना दाल भात केंद्र  21 जून के बाद से बंद है। इससे पहले यह केंद्र बस स्टैंड में संचालित हो रहा था। यहां की व्यवस्था देखने पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, विधायक विनोद चंद्राकर, नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग पहुंचे थे और इन्होंने यहां बैठकर श्रमिकों के साथ भोजन भी किया था। बताया जाता है कि यहां हर दिन औसतन तीन सौ लोग मात्र 10-10 रुपए में भरपेट भोजन करने पहुंचते थे। यहां जनप्रतिनिधियों ने भी भोजन व व्यवस्था की सराहना की थी किन्तु यह योजना राजनीति की भेंट चढ़ गई।

जानकारी मिली है कि यहां दाल भात केंद््र चलाने का काम दिल्ली की एक संस्था आरके एसोसिएट्स ने लिया है और स्थानीय स्तर पर यह काम एक भाजपा नेता को सौंप दिया है। इसीलिए इसकी शिकायत हो गई। जानकारी अनुसार 21 जून को विश्व योग दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर आए प्रदेश के श्रम मंत्री से किसी ने शिकायत कर दी कि सरकार कांग्रेस की और दाल भात सेंटर भाजपाई चला रहा है। बताया जाता है कि श्रम मंत्री ने इस पर संज्ञान लिया और महासमुंद में कार्य बंद कराने की बात कह दी। अधिकारी ने इसका पालन किया और बस स्टैंड में संचालित दाल भात केन्द्र बंद हो गया। अब मजदूर यहां महंगे दरों पर भोजन करने विवश हैं।

बीते सात दिनों से बंद इस कैैंद्र में बैठे श्रमिक श्यामदास मानिकपुरी ने कहा कि दाल भात सेंटर बड़ा सहारा था। इसे किसी की नजर लग गई। इसे पुन: चालू करना चाहिए। संचालन कोई भी करे, किन्तु गरीबों का निवाला नहीं छीना जाना चाहिए। नागरिक राजा साहू ने कहा कि पता नहीं क्या हुआ? अच्छा भला चल रहा था सेंटर। सात दिन से बंद है। लोग टिफिन लाना छोड़ दिये थे। अब लोग भोजन के लिए  भटक रहे हैं। महंगे में खाना खाने की मजबूरी है।

स्थानीय स्तर पर इस केन्द्र का संचालन कर रहे भाजपा नेता महेंद्र सिका ने कहा कि पता नहीं ऐसा क्या हुआ कि 22 जून को अधिकारी का फोन आया और केंद्र बंद करने कह दिया गया। संचालन का काम दिल्ली की संस्था ने लिया है, मैं सिर्फ  देखरेख कर रहा था।

इस मामले में श्रम मंत्री छग शासन डा. शिवकुमार डहरिया का कहना है कि यदि राजनीति होती तो किसी भाजपाई व्यक्ति को काम ही क्यों मिलता? भाजपाई होने के कारण काम से हटाया गया कहना गलत है। सेंटर को गम्भीर शिकायत पर जांच के बाद बंद किया गया है। श्रमिकों की सुविधा के लिए शीघ्र ही केंद्र पुन: शुरू कराएंगे।

संसदीय सचिव छग शासन औऱ महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर का कहना है कि राजनीतिक विषय नहीं है। संचालन एजेंसी की गंभीर शिकायत मिली थी। जिस पर काम बंद कराया गया है। इसे शीघ्र खोला जाएगा।

पूर्व विधायक व भाजपा नेता महासमुंद डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेसी राजनीतिक कारणों से गरीबों का जो भला हो रहा है उसे बाधित कर रहे हैं और केवल और केवल कांग्रेसी ही सरकारी कामों को करें और उसमें भयंकर भ्रष्टाचार करते रहें, यही मंशा रखते हैं। यदि किसी प्रकार की शिकायत उस केंद्र के बारे में थी तो उसकी जांच कराई जानी चाहिए। महेंद्र सिका उस सेंटर में एक वेतनभोगी के रूप में कार्य कर रहा था, न कि केंद्र का संचालक था। केंद्र बंद किया जाना विशुद्ध राजनीति से प्रेरित है।

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि लोगों को भोजन कराना भले का काम है। किन्तु कांग्रेसियों को इसमें भी भ्रष्टाचार करना है। भाजपा नेता महेंद्र सिका यहां नौकरी कर रहा था। यह देखकर ही कांग्रेसी तनाव में आ गए। उनकी जमीन खिसक गई। यदि सेंटर की कोई शिकायत थी, तो उसे सूचित करना था। जवाब लिया जाना था। जांच करना था। जबकि ऐसा कुछ नहीं किया गया।


अन्य पोस्ट