महासमुन्द

टमाटर 160 रुपए प्रति किलो के भाव बिक रहा
03-Jul-2023 3:04 PM
टमाटर 160 रुपए प्रति किलो  के भाव बिक रहा

कुछ दिन टमाटर खाना बंद कर विकल्पों का उपयोग करें तो बाजार का रेट स्वत: ही टूट जाएगा-कश्यप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3जुलाई। आज सुबह महासमुंद सब्जी बाजार में टमाटर 160 रुपए प्रति किलो के भाव बिका। टमाटर में अचानक आये उछाल की  वजह से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। टमाटर का दाम मई माह तक अधिकतम 10 रुपए प्रति किलो था। वर्तमान में उसका दाम 125 से 160 रुपए किलो तक चला गया है। ऐसे में शहर में अनेक घरों में लोगों ने टमाटर का उपयोग करना ही बंद कर दिया है। कई घरों में टमाटर के   स्थान पर विकल्प के तौर से पर अमचूर पाउडर, इमली या फिर सूखे आम खोयला का उपयोग सब्जियों का जायका बढ़ाने के लिये कर रहे हैं।      आज जिला मुख्यालय सहित बागबाहरा, कोमाखान, बसना, सरायपाली के बाजारों में भी टमाटर 160 रुपए में बिकने की खबर है।  जानकार बताते हैं कि मानसून आने के बाद लगातार 3 दिनों तक हुई बारिश इसका कारण है। वहीं फॉर्म हाउस संचालकों के मुताबिक बारिश का प्रभाव सर्वाधिक टमाटर की फसल पर पड़ा था। तोड़ाई के पूर्व ही अंधड़ बारिश की वजह से टमाटर के फल गिर गये। साथ ही बाहर से आने वाले टमाटर की खेप भी नहीं पहुंची। 

उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप ने बताया कि टमाटर का दाम एकाएक बढऩे की वजह जमाखोरी भी है। बड़े व्यापारी कोल्ड स्टोरेज में टमाटर स्टोर कर चुके हैं। मौके का फायदा हर कोई उठाता है। श्री कश्यप ने कहा कि लोग कुछ दिन टमाटर खाना बंद कर विकल्पों का उपयोग करें तो बाजार का रेट स्वत: ही टूट जायेगा। सब्जी विक्रेताओं के अनुसार टमाटर की आवक बढ़ते ही टमाटर के दाम कम होंगे। लेकिन सामने फिर एक बार दस दिनों की बारिश का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।

ऐसे में दाम कम होने के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं।


अन्य पोस्ट