महासमुन्द

बरेकेल खुर्द सरपंच निलंबित
01-Jul-2023 8:35 PM
बरेकेल खुर्द सरपंच निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 1 जुलाई। ग्राम पंचायत बरेकेल खुर्द की सरपंच डोलमती साहू को स्थानीय एसडीएम द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ज्ञात हो कि इस ग्राम पंचायत की सचिव गुलाब कोसरिया को भी जिला पंचायत द्वारा निलम्बित किया गया था। सचिव के स्थान पर अन्य किसी सचिव को बरेकेल खुर्द ग्राम पंचायत का प्रभार नहीं सौंप गया था। लिहाजा अब बरेकेल पंचायत सरपंच एवं सचिव विहीन हो गई है।

ज्ञात हो कि बरेकेल में कई निर्माण कार्यों में अनियमितता को लेकर ‘छत्तीसगढ़’ में लगातार खबरें प्रकाशित होती रही है। जिस पर कल कार्रवाई हुई है।

स्थानीय एसडीएम कार्यालय में जनपद पंचायत द्वारा धारा 40 के तहत बरेकेल सरपंच को बर्खास्त करने का प्रकरण दर्ज करवाया गया था। धारा 40 की कार्रवाई कर सरपंच को बर्खास्त करने के पूर्व एसडीएम द्वारा धारा 39 के तहत विभिन्न गड़बड़ी के मामलों को देखते हुए जांच में व्यवधान की आशंका के तहत सरपंच को निलंबित कर दिया गया।

अपने आदेश में एसडीएम रविराज ठाकुर ने लिखा है कि वर्मी शेड निर्माण 50 हजार शौचालय निर्माण 46500/- वर्मी खाद्य क्रय 8500 /- रू. कुल 165070/ रु का सरंपच / सचिव द्वारा बिना प्रमाणक के राशि का भुगतान किया गया है, जो वसूली योग्य है। जांच अधिकारी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन अनुसार सरपंच ग्राम पंचायत बरेकेल खुर्द द्वारा प्रदाय दायित्वों के निर्वहन में अवहेलना की गई है तथा उन पर लगे आरोपों के संबंध में संतोषप्रद जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया है। सरपंच ग्राम पंचायत बरेकेल खुर्द द्वारा सुसंगत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करना संदेहास्पद स्थिति को दर्शाता है। इस प्रकार सरपंच पद पर कियाशील रहना बाधक प्रतीत हो रहा है।

 सरपंच, ग्राम पंचायत बरेकेल पर लगे आरोप और आरोप जांच में सही पाये जाने के कारण सरपंच ग्राम पंचायत बरेकेल खुर्द, वि.खं. पिथौरा, जिला महासमुन्द को छ.ग. पंचायत राज अधिनियम की धारा 39 के तहत सरपंच पद से निलंबित किया जाता है। यह आदेश  तत्काल प्रभावशील होगा।

बरेकेल अब सरपंच-सचिव विहीन पंचायत

विकासखण्ड की चर्चित ग्राम पंचायत बरेकेल खुर्द सरपंच को निलंबित करते ही यह पंचायत  सरपंच सचिव विहीन हो चुकी है। ज्ञात हो कि करीब दो माह पूर्व इसी मामले में जिला पंचायत द्वारा सचिव को निलंबित किया था, परन्तु उसके बाद से सचिव का प्रभार किसी अन्य सचिव को नहीं दिए जाने से यह पंचायत सचिव विहीन हो गई थी।


अन्य पोस्ट