महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जून। अत्यधिक बारिश में जल स्तर को मेंटेन करने के लिए विभाग ने निसदा बैराज के 8 गेट खोल दिये हैं। इसके चलते अब महानदी का जल स्तर बढ़ गया है। हालांकि 3 दिनों की अनवरत बारिश कल से रुक गई है और लोगों ने राहत की सांस ली है। यदि अब भी बारिश जाारी रही तो महानदी मेंबाढ़ की स्थिति बनेगी और जिले के डुबान क्षेत्र के 39 ग्राम प्रभावित होंगे।
विभागीय जानकारी के मुताबिक कोडार में 15 फ ीट 9 इंच जल भराव हो चुका है, जो 33 फीसदी है। मिली जानकारी के अनुसार पिछले 3 दिनों की लगातार बारिश की वजह से छोटे-बड़े नालों सहित तालाब आदि लबालब हो चुके हैं। साथ ही नहर में भी जलभराव की स्थिति अच्छी हो चुकी है।
निसदा बैराज में जल स्तर बढऩे के कारण कल लेबल मेंटेन करने के लिए आठ गेट खोल दिए गए हैं। इससे महानदी का जल स्तर काफी बढ़ गया है। यदि आने वाले दिनों में इसी प्रकार से बारिश होती है तो जल स्तर और बढ़ेगा।
फिर महानदी के तट से लगे ग्राम बम्हनी, मुढ़ेना, घोड़ारी, बरबसपुर, बडग़ांव,गढ़सिवनी,खड़सा, सिरपुर, खमतराई, कराडीह,पासिद, मुडिय़ाडीह तथा सूखा नाला के समीप बसे चिंगरौद, कोडार बांध क्षेत्र के चार गांव बागबाहरा जोंक नदी के आठ, पिथौरा के छह और सरायपाली का लाथनाला, खुण्डी नाला, सुरंगी नाला, कटंगी नाला और खोल्टी नाला खतरे के निशान से ऊपर बहने लगेगा। इससे ग्रामीणों के लिए परेशानी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर एक कम दबाब का क्षेत्र अभी बना हुआ है। जिसके कारण आज से रविवार तक हल्की बारिश का सिलसिला चलता रहेगा। बीते शनिवार से शुरू हुई लगातार बारिश के बाद आज सुबह से ही मौसम साफ है। विभाग की मानें तो छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में बने एक कम दबाब के कारण पिछले दो दिनों से बारिश हुई है। हालांकि यह दबाव अभी बना हुआ है।
जिले में चालू मानसून के दौरान 01 जून 2023 से अब तक 234.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। भू.अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार जिले में सर्वाधिक वर्षा महासमुंद विकासखंड में 374.1 मिलीमीटर, सरायपाली में 230.6 मिलीमीटर, पिथौरा में 210.9 मिलीमीटर, बागबाहरा विकासखंड में 206.6 मिलीमीटर और सबसे कम वर्षा 149.0 मिलीमीटर बसना ब्लॉक में दर्ज की गई। कल 28 जून को 23.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। जिले के तहसीलवार वर्षा में कल बागबाहरा तहसील में 44.7 मिलीमीटर,महासमुंद तहसील में 35.3 मिलीमीटर,पिथौरा तहसील में 14.3 मिलीलीटर, सरायपाली तहसील में 13.1 मिलीलीटर एवं बसना तहसील में 11.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।