महासमुन्द

3 दिनों से रुक-रुक कर बारिश, छोटे नाले उफान पर
28-Jun-2023 3:45 PM
3 दिनों से रुक-रुक कर बारिश, छोटे नाले उफान पर

बम्हनी चिंगरौद, लाफिन, बरोंडाबाजार का जिला मुख्यालय से संपर्क टूटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 जून। महासमुंद जिले भर में पिछले 3 दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश का पानी निचली बस्तियों में घुस गया है। बारिश की वजह से जिले भर के अनेक छोटे नाले उफान पर हैं। बम्हनी नाला उफान पर होने की वजह से चिंगरौद, बम्हनी, बरोंडा बाजार, लाफिन खुर्द का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। बरोंडा बाजार स्थित मवेशी बाजार में एक विशालकाय पीपल वृक्ष गिरने से आवागमन अवरूद्ध हो गया।

 मंगलवार को दिन भर में 67.8 और वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है, वहीं जिले भर में महासमुंद में 1 जून से आज तक 338.8 मिमी वर्षा का सर्वाधिक रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। शहर के नयापारा, छिपियापारा तथा सुभाष नगर के अनेक कच्चे मकानों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान शहर सहित जिला मुख्यालय से लगे ग्रामों में वद्युत व्यवस्था ठप रही। नालों में पानी का भराव अधिक होने की वजह से बसों को वापस आना पड़ा।

बारिश की वजह से 100 रुपए किलो में टमाटर बिक रहा है। कोई भी सब्जी एक सौ रुपए किलो से कम दाम पर नहीं मिल रही है। लगातार हो रही बारिश का असर व्यवसाय पर भी रहा। अच्छी ग्राहकी नहीं होने की वजह से लोग अधिकांश व्यवसायी अपनी दुकानें नहीं खोल सके। वहीं चौपाटी के समीप लगाने वाले चाट गुपचुप व्यवसाइयों में कुछ ही ने ठेला लगाया था। सब्जी बाजार में सुबह घुटने भर पानी भरा हुआ था। अधिकांश सब्जी व्यवसायी दुकान नहीं खोले थे। फार्म हाउसों से सब्जियां नहीं पहुंचने की वजह से सब्जियों के दाम भी 3 गुना अधिक बढ़ गये थे। लोगों को उम्मीद है कि आवक होते ही सब्जियों के दाम वापस सामान्य होंगे।

हालांकि आज बुधवार सुबह से मौसम खुला है लेकिन मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले को आगामी 48 घंटे के लिये पुन: येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक दीपांशु मुखर्जी के अनुसार बुधवार को भी गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद वर्षा में 6 दिनों के लिये विराम लगेगा और मौसम खुल जाएगा।


अन्य पोस्ट