महासमुन्द
नदी-नाले में पानी का बहाव तेज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जून। शनिवार से शुरू हुई मानसूनी बारिश मंगलवार तक रुक-रुक कर जारी है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। महासमुंद जिले के शहरी इलाकों में अधिकांश दुकानों के शटर दो दिन तक नहीं खुले।
अंचल के खेत, तालाब, सरोवर लबालब हैं। खेेतों में तालाब की तरह पानी भरा है। बारिश का पानी एक खेत से दूसरे खेत में निरंतर बह रहा है। खेतों का पानी नदी-नाले में जाकर मिल रहा है। इससे क्षेत्र के नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। लगभग 3 दिनों से हो रही झमाझम एवं मूसलाधार बारिश के कारण अनेक कच्चे मकानों की दीवारें गिर गई है। निचली बस्तियों के अनेक घरों में पानी घुस गया है।
हालांकि बारिश से तापमान में आई गिरावट के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसके पहले 20 जून तक शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। इस वक्त बारिश की वजह से रोज कमाने-खाने वाले मजदूरों को 2 दिनों से काम नहीं मिला है। हालांकि अभी तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन जिले के भूकेल गांव में एक खेत में बिजली खम्भे के करंट से एक गाय की मौत की खबर जरूर है।
जिले में लगातार बारिश से खेत खलिहान जलमग्न हैं। निचली बस्तियों में पानी भरा हुआ है। महासमुंद के अयोध्या नगर, इमली भांठा तथा हाउसिंग बोर्ड, ईडब्ल्यूएस ब्लाकों के समीप पानी जमा हो गया है। अयोध्या नगरवासी पानी की निकासी के लिए काम कर रहे हैं। शहर के अनेक मोहल्ले में नाली में जमा गंदगी सडक़ों पर आ गई। जिसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही शहर में 4 ट्रांसफॉर्मर फेल होने की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
इस सबके बीच अच्छी बारिश की आस में किसानों के चेहरे पर मुस्कान है। लगभग सभी ब्लाकों में कृषि कार्य द्रुत गति से प्रारंभ हो चुका है। खेतों की जोताई जारी है। साधन संपन्न किसान जो पहले ही जोताई कर चुके थे, वे खेतों में बोता पद्धति से बीज का छिडक़ाव की तैयारी में हैं।