महासमुन्द
15 जुलाई तक लगेगा गांव-गांव शिविर
महासमुंद, 27 जून। बरसात में गोवंश व भैंसवंशीय पशुधन में गलघोटू एवं टांगिया बीमारी आम बात है। इससे बचने के लिए पशुधन विकास विभाग द्वारा शिविर लगाकर और जरूरत पडऩे पर डोर टू डोर जाकर पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से बताया जा रहा है कि शिविर में नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही दवा भी दी जाएगी।
पशु पालन विभाग के उपसंचालक डॉ. आर एस पांडे ने बताया कि बरसात के पूर्व ही इसकी तैयारी की जा रही है। प्रत्येक ग्राम में सहायक पशु चिकित्सक के द्वारा टीकाकरण का कार्य द्रुतगति से जारी है । अभी तक इस तरह के 25 शिविर लगाए जा चुके हैं और यह शिविर 15 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने पशुपालक एवं ग्रामीणों से अपील की है कि अपने पशुओं को टीकाकरण अवश्य कराएं ताकि इस तरह के जानलेवा बीमारी से पशुओं की रक्षा हो सके ।उन्होंने कहा कि टीकाकरण निशुल्क है और दवाई भी दी जाती है ।शासन के मंशानुरूप टीकाकरण का कार्य जारी है ।
अछोली महासमुंद में 21 जून को नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन कर गलघोंटू, एक टांगिया बीमारी के रोकथाम हेतु टीकाकरण कार्य संपादित किया गया। उक्त शिविर में कुल 701 पशुओं का टीकाकरण तथा पशु उपचार 31 औषधि वितरण 40 कृमि नाशक दवा पान 67 पशुओं का किया गया।
उक्त शिविर में पशु चिकित्सालय तुमगांव व औषधालय भोरिंग के समस्त मैदानी अमले उपस्थित रहे।