महासमुन्द

यू-ट्यूबर कॉमेडियन देवराज पटेल की सडक़ हादसे में मौत
27-Jun-2023 3:57 PM
यू-ट्यूबर कॉमेडियन देवराज पटेल की सडक़ हादसे में मौत

महासमुंद से शूटिंग के लिए रायपुर आए थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,27जून। छत्तीसगढ़ के  यू-ट्यूबर कॉमेडियन देवराज पटेल की सोमवार को सडक़ हादसे में मौत की खबर सुनकर महासमुंद शोक में है।

 सोमवार को यह हादसा रायपुर के लभांडी इलाके में हुआ। एक ट्रक ने पीछे से देवराज की बाइक को टक्कर मार दी। बाइक से छिटककर देवराज सडक़ पर गिरे। इससे उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई। गंभीर देवराज को अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मौके पर पहुंची पुलिस ने देवराज और उनके साथ मौजूद एक साथी को अंबेडकर अस्पताल भेजा। दोनों रायपुर में एक यू-ट्यूब वीडियो की शूटिंग के सिलसिले में आए थे।

देवराज मूलत: महासमुंद के रहने वाले थे। कुछ साल पहले ‘दिल से बुरा लगता है’नाम के एक शॉर्ट वीडियो की वजह से देवराज देश भर में फेमस हुए। वे कई मीम शेयर हुआ करते थे। देवराज सोशल मीडिया में कॉमेडी वीडियो भी बनाया करते थे।

अब तक हुई जांच में सामने आए तथ्य में पुलिस ने बताया कि देवराज अपने दोस्त राकेश मनहर के साथ रायपुर की ओर आ रहे थे। इसी दिशा में आ रहे ट्रक की चपेट में देवराज आ गए। बाइक अनियंत्रित होकर सडक़ पर फिसली और देवराज ट्रक के पिछले पहियों में आ गए। जिससे उनकी मौत हुई। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

      मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देवराज का खुद के साथ शूट किया लास्ट वीडियो शेयर करते हुए लिखा है-‘दिल से बुरा लगता है’ से करोड़ों लोगों के बीच अपनी जगह बनाने वाले, हम सबको हंसाने वाले देवराज पटेल आज हमारे बीच से चले गए। इस बाल उम्र में अद्भुत प्रतिभा की क्षति बहुत दुखदायी है। ईश्वर उनके परिवार और चाहने वालों को यह दु:ख सहने की शक्ति दे।

मालूम हो कि साल 2021 में देवराज और सीएम भूपेश बघेल का भी एक वीडियो वायरल हुआ था। देवराज उनसे मिलने पहुंचे थे। तब उनके निवास कार्यालय में एक वीडियो बनाया था। इसमें देवराज ने कहा था छत्तीसगढ़ में दो लोग ही फेमस हैं। एक मैं और एक हमारे कका। कका आप टीवी के मुकाबले लाइव लुक में अधिक स्मार्ट दिखते हैं। यह सुनकर सीएम भूपेश बघेल हंस पड़े थे।

      महासमुंद जिले के निवासी देवराज पटेल छत्तीसगढ़ के जाने-माने यूट्यूबर रहे। उनके यूट्यूब चैनल के 3 लाख से भी ज्यादा फालोवर हैं। देश के प्रसिद्ध यूट्यूबर भुवन बाम के साथ कॉमेडी वेबसीरीज ढिंढोरा में भी काम कर चुके थे। छत्तीसगढ़ सरकार के आत्मानंद स्कूल के विज्ञापन में भी देवराज काम कर चुके थे। इसकी शूटिंग हाल ही में की गई थी।


अन्य पोस्ट