महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 26 जून। प्रदेश पर्यवेक्षक की टीम ने स्थानीय टिकरापारा पिथौरा स्थित साहू समाज के सामाजिक भवन में अंतत: मनोहर साहू को पिथौरा तहसील साहू संघ के अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया।
ज्ञात हो कि गत दिवस पिथौरा तहसील साहू संघ का चुनाव संपन्न हुआ था, जिसमें दो प्रत्याशी होने के कारण 15 मतदाताओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया था। इस बीच मतगणना के दौरान 16 मतपत्र पाये जाने पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जिसके कारण अनिर्णय की स्थिति में आ गया। वहीं एक अभ्यर्थी ने निर्वाचन अधिकारियों की भूमिका पर संदेह व्यक्त करते हुए प्रदेश संगठन में अपील दायर की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश संगठन ने भी सक्रियता दिखाई और पूरे मामले को अपने पास मंगा लिया। पश्चात प्रदेश पर्यवेक्षकों की टीम, जिसमें प्रदेश महामंत्री द्वय हलधर साहू, दया राम साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष मालक राम साहू शामिल थे। उन्होंने टिकरापारा स्थित साहू समाज भवन में निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से अपने मतदाताओं के साथ आमंत्रित करते हुए मामले की सुनवाई की तथा मतदाताओं से भी पृथक-पृथक बयान दर्ज करते हुए पुनर्मतदान कराने का प्रयास किया गया।
इस दौरान एक अभ्यर्थी के द्वारा पुनर्मतदान का विरोध किया गया। जिसके चलते पर्यवेक्षकों की टीम ने 15 मतदाताओं में से 8 मतदाताओं जिसमें गुणित साहू, मनोहर साहू, जाना बाई साहू, चंद्रिका बाई साहू, संतराम साहू, नंद कुमार साहू, हीरा राम साहू, किरण साहू का समर्थन मनोहर साहू के पक्ष में पाए जाने पर उन्हें विजयी घोषित किया गया।
मनोहर साहू के विजयी घोषित होते ही उनके मतदाताओं एवं समर्थकों के द्वारा गुलाल का टीका लगाकर, पुष्पहार से उनका अभिनंदन किया।