महासमुन्द
कोर्ट के आदेश का विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने किया स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जून। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने रायपुर जिला न्यायालय के प्रथम श्रेणी न्यायाधीश द्वारा छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित इंदिरा प्रियदर्शिनी बैंक घोटाले की जांच पुन: किए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि राजधानी के सदर बाजार स्थित इंदिरा प्रियदर्शिनी महिला नागरिक सहकारी बैंक में वर्ष 2016 में घोटाला सामने आया था।
तात्कालिन भाजपा की डॉ. रमन सिंह सरकार के कार्यकाल में हुए इस घोटाले में बैंक के करीब 22 हजार महिला उपभोक्ताओं को अपनी जमा पूंजी गवानी पड़ी है। कांग्रेस की भूपेश सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कहा था कि उनकी सरकार बनेगी तो उक्त घोटाले की फिर से जांच कराई जाएगी। आज उसी का परिणाम है कि न्यायालय ने इस मामले की दोबारा जांच करने के निर्देश दिए है। घोटाले में भाजपा नेताओं के नाम आए हैं।
श्री चंद्राकर ने कहा कि मामले में बैंक प्रबंधक उमेश सिन्हा के कराए गए नार्को टेस्ट में उसने छग भाजपा के कई दिग्गज नेताओं और परिवार वालों के नाम लिए हैं। तात्कालिन रमन सिंह सरकार के कार्यकाल में हुए इस घोटाले की रिपोर्ट दर्ज हुई और जांच भी पर नार्को टेस्ट की रिपोर्ट नहीं सौंपी गई जिसकी वजह से मामला आज तक कोर्ट में लंबित है।
हालांकि कोर्ट ने इस मामले के फिर से जांच कराने के आदेश जारी कर उन उपभोक्ताओं को खुशी दी है जिनके मेहनत की कमाई इस बैंक में जमा हुई थी। भाजपा स्वंय घोटाले वाली पार्टी और नेता कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। चंद्राकर ने कहा कि एक ओर भाजपा के नेता अपनी पार्टी और अपने आपको पाक साफ होने का ढिढोरा पीटते हैं। जबकि भाजपा सरकार में हुए इस करोड़ो रुपए के घोटाले से यह साबित हो गया है कि भाजपा पार्टी और उसके नेता स्वंय घोटाले बाज हैं और उल्टा कांग्रेस पार्टी पर घोटाला करने का आरोप लगाते हैं। श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपाई पहले अपने दामन को देखें फिर दूसरे के दामन पर कीचड़ उछालें। संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि रमन सिंह के कार्यकाल में हुए इस घोटाले पर सभी बीजेपी नेताओं ने चुप्पी साध रखी है और जनता को भ्रमित करने के लिए भूपेश सरकार के खिलाफ भडक़ा रही है।
रमन सिंह के कार्यकाल में पनामा पेपर्स और नान जैसा घोटाला हुआ है।