महासमुन्द

नतीजे से निराश विद्यार्थियों ने विवि घेरा, कुलपति को ज्ञापन
24-Jun-2023 9:22 PM
नतीजे से निराश विद्यार्थियों ने विवि घेरा, कुलपति को ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 जून। नतीजे से निराश व आक्रोशित छात्र- छात्राओं ने कल पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। साथ ही कुलपति को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया।

मिली जानकारी के अनुसार पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा बीएससी अंतिम वर्ष के नतीजे कुछ दिन पूर्व जारी किया गया। विश्वविद्यालय से संबंध महासमुंद जिले के महाविद्यालयों में भी परिणाम जारी हुआ। नतीजे घोषित होने के बाद महासमुंद जिला मुख्यालय के शासकीय पीजी कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने घोषित नतीजों पर नजर डाला तो देखा कि एक ही विषय में अनेक विद्यार्थी पूरक आए हैं। इसे लेकर महासमुंद के विद्यार्थियों ने एबीवीपी के बैनर तले नारेबाजी के साथ विश्वविद्यालय परिसर का घेराव किया।

छात्र-छात्राओं ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर देखा जाए तो महाविद्यालय में पढऩे वाले बीएससी अंतिम वर्ष छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में एक ही सब्जेक्ट अंग्रेजी में पूरक आए हुए हैं, जो सम्भव नहीं है। इससे विद्यार्थी काफी चिंता में निराश और हताश महसूस कर रहे हैं। कई विद्यार्थी डिप्रेशन में चले गए हैं। क्योंकि इन बच्चों में अधिकांश को अन्य सब्जेक्ट में काफी अच्छा नंबर प्राप्त हुआ है। कई पूर्व में टॉपर भी रहे हैं और कई बच्चों का मूल सब्जेक्ट अंग्रेजी विषय ही है। ऐसे में नतीजे आने के बाद करीब 150 से 200 की संख्या में कल विद्यार्थियों ने महाविद्यालय और विधायक कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं से अवगत भी कराया।

अभाविप के विभाग संयोजक अनंत सोनी ने बताया कि बीएससी अंतिम वर्ष में पढऩे वाले छात्र-छात्राएं ज्यादातर विद्यार्थी इंग्लिश सब्जेक्ट में पूरक आए हैं। अधिकांश बच्चे 2, 4 और 6 नंबर के लिए पूरक आ गए हैं। पूरक आने वाले में टॉपर बच्चे, इंग्लिश मीडियम वाले बच्चे भी शामिल हैं। निराशाजनक परिणाम से कई बच्चे डिप्रेशन में है। शासकीय पीजी कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष रेगुलर में 411 छात्र छात्राएं अध्ययनरत थे।

पूर्व छात्र रहे नरेश नायक ने कहा कि यह स्थिति एक कॉलेज में नहीं है। लगभग जिले के अन्य महाविद्यालय के परीक्षा परिणाम भी इसी तरह से हैं। इस विषय में शासकीय पीजी कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य ने कुछ भी कहने से इंकार करते हुए कहा कि यह विषय रवि शंकर विश्वविद्यालय का है। हम इसमें क्या करें।

चर्चा के दौरान छात्र छात्राओं ने अपनी बात रखी कि  सालभर कड़ी मेहनत करने के बाद आखिर एक ही सब्जेक्ट में पूरक कैसे हुए? जिले के अन्य महाविद्यालयों में इंग्लिश सब्जेक्ट का परीक्षा परिणाम भी ऐसा है। हालांकि अभी सभी विद्यार्थियों को समय से पहले अपने पेपर की रि-चेकिंग व पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन फॉर्म डालने को कहा गया है। 

िजला संयोजक जीतू साहू ने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं का एक ही सवाल है। जल्द से जल्द छात्र छात्राओं की भविष्य को ध्यान में रखते हुए कोई अच्छा और सकारात्मक निर्णय छात्र हित में लिया जाए। इस बीच ज्ञापन देने छात्र-छात्राओं में प्रियंका, किरण, गौरव, आकाश, मानशी, पूर्वी, नवीन, अभय सिमरन आदि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट