महासमुन्द

आदर्श बालक उच्चतर विद्यालय परिसर में होगा योगाभ्यास
19-Jun-2023 7:55 PM
आदर्श बालक उच्चतर विद्यालय परिसर में होगा योगाभ्यास

तैयारियाँ शुरू, कलेक्टर ने अफसरों को सौंपे दायित्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद 19 जून। आगामी 21 जून को नवम् अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 जि़ला स्तर पर बड़े उत्साह तथा ऊर्जा के साथ मनाया जाएगा। जि़ला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन महासमुंद के शासकीय आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर  में  प्रात: 7 से 8 बजे (एक घंटा) का होगा। इसे लेकर जि़ला प्रशासन द्वारा तैयारियाँ शुरू कर दी गई है। नवम् अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 एक विश्व, एक स्वास्थ्य  थीम पर आधारित ‘हर घर आंगन योग’ संदेश के साथ आयोजन करने के निर्देश प्राप्त हुए है। 

कलेक्टर प्रभात मलिक ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए अधिकारियों को जि़म्मेदारी सौंपी है। कार्यक्रम के जि़ला नोडल अधिकारी एसडीएम महासमुंद होंगे। सहायक नोडल अधिकारी सीईओ जनपद पंचायत महासमुंद एवं तहसीलदार महासमुंद होंगे। उप संचालक समाज कल्याण समन्वयक का कार्य देखेंगे। इसके अलावा अन्य संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जि़म्मेदारी दी गयी है। कलेक्टर ने सभी  तैयारियाँ समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए है। उन्होंने मानसून को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए है। साफ़-सफ़ाई के साथ शुद्ध पेयजल की व्यवस्था का ख़ास ध्यान रखने कहा है।

योग न सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बल्कि मानसिक सेहत के लिए भी अच्छा होता है। उन्होंने जि़ले के अधिकारियों और विकासखंडों के अधिकारियों को अपने क्षेत्र में योग दिवस पर  योगा कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार के साथ करने के लिए पत्र लिखा है।

योग के महत्व को बताने के लिए और लोगों में इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हर साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस यानी इंटरनेशनल योग दिवस मनाया जाता है। आपको बता दें कि हर साल की तरह इस बार भी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। हर साल योग दिवस को मनाने के लिए एक थीम रखी जाती है।

ज्ञात हो कि आयुष मंत्रालय ने 21 जून को भारत तथा संपूर्ण विश्व में आयोजित होने वाले नवम् अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक विश्व, एक स्वास्थ्य  थीम पर आधारित ‘हर घर आंगन योग’ संदेश के साथ  आयोजन करने के निर्देश दिए है।


अन्य पोस्ट