महासमुन्द
वनोपज सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हितेश चंद्राकर ने जताई नाराजगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जून। जिला वनोपज सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हितेश चंद्राकर ने तेंदूपत्ता संग्रहण दर की राशि का भुगतान गरीब वनवासी संग्राहकों को नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए राज्य सरकार पर लापरवाही, उदासीनता एवं गरीबों की कमाई का ब्याज खाने का आरोप लगाया है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि इस सीजन वनवासी गरीब संग्राहकों के साथ बार-बार शोषण किया जा रहा है। पहले तो प्रकृति एवं मौसम के बहाना बनाकर व्यापारियों को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से 1 मई से संग्रहण ना कराकर 7 मई से संग्रहण कार्य प्रारंभ किया। वो भी तब, जब मैंने कलेक्टर घेराव का ज्ञापन दिया। एक हफ्ता लेट के चलते झाड़ी में बहुत पत्ता खराब हो गया और 25 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण कम हुआ। जिससे करीब 15 करोड़ से अधिक राशि का नुकसान गरीब संग्राहकों का हुआ। इस सीजन मात्र 70 हजार मानक बोरा संग्रहण हुआ।
जिसका संग्रहण दर की राशि 4 हजार प्रति मानक बोरा की दर से लगभग 28 करोड़ अभी तक उन गरीब संग्राहकों को नहीं मिली है जो तपती धूप में जाकर तेंदूपत्ता संग्रहण किए थे। आदिवासी,दलित, शोषित, वनवासियों का हितैषी बनने का ढकोसला करने वाला राज्य सरकार गरीब वनवासियों का संग्रहण का भुगतान क्यों नहीं कर रही है। राज्य सरकार तत्काल इन गरीबों का संग्रहण दर की राशि का भुगतान करावे अन्यथा गरीबों को सडक़ में उतरना पड़ेगा।