महासमुन्द
लूट के बाद लुटेरों ने हाथ-पैर बांधकर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा /महासमुंद,19 जून। जिले से गुजऱने वाली एनएच-353 किनारे झलप चौक से पहले स्थित कैथोलिक चर्च के फादर के कमरे में तीन अज्ञात लुटेरों ने दिन दहाड़े घुसकर उन्हें रिवाल्वर प्वाइंट पर लेकर आलमारी में रखे एक लाख 20 हजार रुपए की लूट कर फरार हो गए। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। लूट के बाद भागते समय उन्होंने फादर के हाथ-पैर बांधकर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्रभारी डीएसपी गरिमा दादर थाना प्रभारी के बाहर होने के कारण मामले की गुत्थी सुलझाने में लगी हैं। नगर में किसी चर्च में लूटपाट की यह पहली घटना है। अब तक मंदिरों में चोरी की घटनाएं घटित होती रही हैं।
घटना रविवार सुबह करीब 11.30 बजे की है। उस समय कैथोलिक चर्च के फादर वर्गीस टेक्के कुट्टु रविवार को होने वाली प्रार्थना के बाद अपने कमरे में कुर्सी पर आराम करते पेपर पढ़ रहे थे। इस बीच उन्हें झपकी आ गयी। उसी समय तीन लोग कमरे में घुसे तो उनकी नींद खुल गई। अंदर घुसने वालों ने उनसे कहा कि हमें प्रार्थना करानी है। इस पर फादर उठकर कहने लगे चलिए। लेकिन एक युवक जो चेहरे पर काला कपड़े लपेटे थे, ने उन्हें बिठाकर जेब से रिवाल्वर निकाली और उस पर तान दी और कहने लगा कि माल कहा रखे हो। फादर द्वारा कुछ नहीं कहने पर दो साथी जिनके चेहरे खुले थे, धमकी दी।
उसके बाद एक आरोपी बरामदे में खड़ा हो गया। बाकी दो आरोपियों ने कमरे में रखे सामान को खंगाला। आलमारी लॉक नहीं थी। उसकी चाबी अंदर रखी थी। उन्होंने उक्त चाबी से आलमारी का लॉकर खोला और उसमें रखे एक लाख बीस हजार रुपए निकाल लिए। पलंग के नीचे रखी पेटी सहित सभी सामानों को टटोला। दूसरे कमरे में रखे सामान आलमारी खोलकर देखा। बिस्तर आदि उलट पलट दिए।
प्रार्थी फादर वर्गीस ने बताया कि एक लुटेरे ने मेरे कमरे में रखा लोहे का पौधे काटने वाला कडासा (कत्तल) मेरी गर्दन पर रखकर मारने की धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि लूटपाट करने के बाद कमरे से बाहर निकलते समय मेरे कमरे में रखे सेलो टेप से दोनों हाथ तथा मफलर से दोनों पैर बांध कर दरवाजा बंद कर बाहर निकल गए।
फादर वर्गीस ने बताया कि दांतों से मैंने सेलो टेप को कुतरकर हाथ खोला। फिर हाथ से पैरों को मुक्त किया और खिडक़ी को थपथपाया। लेकिन दोपहर के समय आसपास कोई नहीं के होने के कारण उसका कोई असर नहीं हुआ। फिर मैंने अपने कमरे में रखे स्क्रू ड्राइवर एवं पेंचिस से किसी तरह आलड्रॉप के नट-बोल्ट को खोला और बाहर निकला। सिस्टर्स क्वार्टर में जाकर घटना से अवगत कराया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि बाहर निकलते समय लुटेरे मेरा मोबाइल भी ले गए थे। लेकिन उसे उन्होंने बाहर बरामदे में छोड़ दिया।
डीएसपी गरिमा दादर ने बताया कि विभिन्न कोणों से मामले की जांच चल रही है। नगर के सीसी टीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। बहरहाल रिवाल्वर की नोक पर दिन पि दहाड़े लूट की यह पहली घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया में एक स्कूटी पर सवार तीन लोगों की सीसी टीवी की फोटो के बारे में पूछे जाने पर सुश्री दादर ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है।