महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जून। महासमुंद जिले के छात्र सारांश पटेल ने नीट की परीक्षा में छत्तीसगढ़ में टॉप किया है। सारांश डॉक्टर बनकर मरीजों की सेवा करना चाहता है।
जानकारी अनुसार इस साल प्रदेश में 42 हजार 130 स्टूडेंट्स ने फॉर्म भरे थे। इनमें से 41 हजार 196 ने परीक्षा दी और 17 हजार 610 स्टूडेंट्स पास हुए। इनमें महासमुंद के सारांश पटेल ने छत्तीसगढ़ में टॉप किया है। सारांश को 690 अंक मिले हैं। ऑल इंडिया रैंकिंग 824 है। पहले ही प्रयास में सारांश ने परचम लहराया है।
सारांश ने पत्रकारों को बताया कि मैंने सिलेबस बहुत जल्दी कंप्लीट कर लिया था। काफी ज्यादा रिवीजन भी करता था। नीट के प्रश्नों की प्रैक्टिस करता था। लगभग सारे टेस्ट देता था। इसकी वजह से काफी तैयारी हो गई थी। नीट के पिछले साल के प्रश्न पत्रों को हल करता था, जिसकी वजह से नीट में अच्छी रैंक आई।
सारांश की ऑल इंडिया में 824 रैंक आई है। अन्य पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी वर्ग में 198 रैंक आई है। सारांश ने रायपुर से कोचिंग की है। बताया कि कोचिंग और परिवार का माहौल पढ़ाई के लिए बेहद अनुकूल था। सबका भरपूर सहयोग मिला है। टेस्ट में कभी कम नंबर आने पर कोचिंग और परिवार वाले सहयोग करते थे।
सारांश ने पत्रकारों को बताया कि डॉक्टरी सलाह के लिए परिवार में कोई डॉक्टर नहीं है। जिसकी वजह में मुझे डॉक्टर बनने की चाह थी। जब मैं कक्षा 6 में पढ़ाई करता था, तब से ही डॉक्टर बनने का लक्ष्य था। डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहता हूं। अभी एम्स भुवनेश्वर या भोपाल में एडमिशन लेकर एमबीबीएस की पढ़ाई करना चाहता हूं। फिर एमडी बनने का फैसला किया है।