महासमुन्द
महासमुंद में भाजपा का महासंपर्क अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 जून। भाजपा के महासंपर्क अभियान के तहत लोकसभा स्तरीय जन सभा को संबोधित करते हुय पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कल शाम महासमुंद में कहा कि आजादी पूर्व अंग्रेजों और मुगलों ने विश्व गुरू भारत की संपदा को लूटा और यहां की सांस्कृतिक विरासत को तहस-नहस किया। उसके बाद 60 वर्षों तक देश की राजनीति एक ही परिवार की जागीर बनकर रह गई। उस परिवार ने पूरे देश में भय, भ्रष्टाचार और घोटालों से लूट का इतिहास रच दिया। उन्हीं के एक प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार को लेकर कहते थे कि दिल्ली से किसी योजना का 1 रूपया जनता तक पहुंचते-पहुंचते 15 पैसा रह जाता है। अब 2014 से पहली बार एक ऐसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मिला है जिसकी छवि और कीर्ति विश्व में जाहिर है। उन्होंने विश्व के सामने देश का नाम सर्वोच्च स्थान पर रखा है।
हाईस्कूल मैदान में आहुत लोकसभा स्तरीय सभा में करीब घंटे भर देर से पहुंचे श्री माथुर का सैकड़ों लोग भीषण गर्मी के बीच घंटों से इंतजार कर रहे थे। छग प्रभारी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि श्री मोदी ने न खाऊंगा न खाने दूंगा का नारा देकर उसे चरितार्थ किया। उन्होंने भारत का मान बढ़ाया। जिन देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री कभी भारत को कमजोर व हेय दृष्टि से देखते थे, वे मोदी के सानिध्य के लिए तरसते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी दोनों चुनाव में हमें मिलकर भाजपा की सरकार बनानी है। उन्होंने केंद्र की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सांसद चुन्नीलाल साहू, प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, पूर्व सांसद चंद्रशेखर साहू के अलावा अभियान के सहप्रभारी चंदूलाल साहू, विधायक द्वय डमरूधर पुजारी, रंजना साहू, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, रामलाल चौहान, पुरंदर मिश्रा आदि ने भी संबोधित किया। सभा में महासमंद के कांग्रेस पार्षद राजेंद्र चंद्राकर राजू समेत 85 युवाओं ने पार्टी में प्रवेश किया। संचालन सभा प्रभारी शंकर अग्रवाल, आभार प्रदर्शन गरियाबंद जिलाध्यक्ष राजेश साहू ने किया।
सभा में प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, पूर्व विधायक परेश बागबाहरा, संतोष उपाध्याय, प्रीतम दीवान, सरला कोसरिया, इंद्रजीत गोल्डी, प्रकाश चंद्राकर, अर्चना चौबे, जनपद अध्यक्ष स्मिता चंद्राकर, अलका चंद्राकर, चंद्रहास उपस्थित थे। लेकिन पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा अनुपस्थित थे। सभा में शामिल नहीं होने के बावजूद लोगों के बीच डॉ. विमल चोपड़ा की चर्चा लगातार होती रही। कुछ लोग तो अपने अपने स्थान पर खड़े होकर भीड़ में डॉ. विमल चोपड़ा को तलाश रहे थे। लोगों के बीच इस बात की भी चर्चा थी कि भाजपा के बैनर पोस्टर में डाक्टर विमल चोपड़ा का फोटो भी गायब रहा।
भाजपा के हर छोटे बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करने वाले डाक्टर विमल चोपड़ा इस प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में क्यों शामिल नहीं हुए, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। आज सम्मेलन के दूसरे दिन भी चौक चौराहों पर यही चर्चा आम है।