महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मई। सरायपाली ब्लॉक अंतर्गत लमकेनी में कल एक घर के बरामदे में लगे मीटर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण मीटर के पास रखे पैरा में आग लग गई। इस आग ने एक घर के कमरे को भी अपने चपेट में ले लिया। आस-पास के ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस आग से घर में लगभग 50 हजार से अधिक के सामानों का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
लमकेनी निवासी नेहरूलाल चौधरी ने बताया कि उनके घर के लिए बिजली के खम्भे से मीटर तक बिजली का तार आया है। बिजली का मीटर घर के बरामदे में लगाया गया है और बरामदे में ही मवेशियों के चारे के लिए पैरा रखा था। अचानक मीटर में शॉर्ट सर्किट हुआ इससे बरामदे के साथ ही उससे लगे कमरे में भी आग लग गई। इस कमरे का उपयोग वे स्टोर रूम की तरह करते थे। इस रूम में चावल समेत खाने-पीने के सामान रखे हुए थे। आग फैलने से बरामदे और कमरे में लगी लकडिय़ों के सामान भी जलकर राख हो चुके हैं।
नेहरू का कहना है कि घटना के समय वे घर पर नहीं थे। किसी आवश्यक कार्य से शहर आये हुए थे और घर में एक महिला अकेली थी। आग लगते ही महिला भी काफी डर गई थी और उन्हें कुछ नहीं सूझ रहा था। आग फैलता देखकर पड़ोसी भी तत्काल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। छत में लगे एसबेस्टस शीट के कारण आग बुझाने में बहुत अधिक परेशानी हो रही थी। वहीं फायर ब्रिगेड को भी खबर कर दिया गया था जो जल्द ही वहां पहुंची लेकिन तब तक आग काफी बढ़ चुकी थी। इस आगजनी से घर में लगे लकडिय़ां, सीमेंट शीट सहित लगभग 50 हजार से भी अधिक मूल्य के सामानों जलकर राख हुए हैं।