महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मई। महासमुंद जिले की सराईपाली पुलिस ने दो मोटर साइकिल से 5 किलो गांजा कीमती एक लाख रुपए परिवहन करते तीन लोगों को हिरासत में लिया है। गांजे के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त 2 बाइक को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। यह घटना घंटेश्वरी मंदिर के पास सरायपाली की है।
पुलिस के अनुसार थाना सरायपाली प्रभारी आशीष वासनिक को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के तरफ़ से दो मोटर साइकिलों में 3 व्यक्ति अवैध रूप से गांजा परिवहन करने वाले हंै। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस की टीम सरायपाली घंटेश्वरी मंदिर के पास पहुंची। वहां घेराबंदी के कुछ समय बाद ही ओडिशा की ओर से 2 मोटरसाइकिल आते दिखी। उक्त दोनों वाहनों को रोका गया। मोटर साइकिल सवारों ने पूछताछ में अपना नाम किशोर पालेश्वर (24) और आदित्य चौहान (19) दोनों निवासी चपिया थाना बसना जिला महासमुंद तथा दुर्गेश नायक (23) बरतियाभांठा थाना सरायपाली जिला महासमुंद बताया।
दोनों वाहनों में प्लास्टिक झोले में 5 पैकेट कुल 5 किलो गांजा मिला। इसके बारे में पूछताछ करने पर आरोपियों ने गांजे को ओडिशा से लाना और बिक्री हेतु ले जाना बताया। तीनों के संयुक्त कब्जे से 1किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 1 लाख रुपए, परिवहन में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल कुल जुमला कीमती 1 लाख 80 हजार रुपए को समक्ष गवाह जप्त कर आरोपियों को धारा 20 ख नारकोटिक एक्ट कायम कर रिमांड पर भेजा गया है।