महासमुन्द

कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष ने किया बिरकोनी गौठान का अवलोकन
26-May-2023 3:49 PM
कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष ने किया बिरकोनी गौठान का अवलोकन

महिलाओं द्वारा किए जा रहे गतिविधियों से हुए प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मई।
छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद् के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कल बिरकोनी स्थित गोठान में रीपा अंतर्गत कर रहे आर्थिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने गोबर से पेंट बनाने की गतिविधियों का अवलोकन किया और महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि यहां 1000 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन किया गया है। जिसमें से 775 क्विंटल विक्रय किया गया है। इससे 7 लाख 50 हजार रुपए का लाभ मिला है। इन गतिविधियों के साथ-साथ मसाले, अचार, पापड़ बनाकर आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। 

महिलाओं ने बताया कि अभी हाल ही में गोबर से पेंट बनाने का कार्य प्रारंभ हुआ है। जिससे 3000 लीटर पेंट बना है। इनमें से 2000 लीटर का विक्रय कर लिया गया है। इस दौरान श्री शर्मा ने महिलाओं से उनकी गतिविधियों की जानकारी ली और सराहना की।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने गोठान में रीपा के तहत गोबर पेंट तथा मसाला उत्पादन मशीन तथा सीएनसी राउटर मशीन के साथ-साथ दोना पत्तल मशीन के बारे में अध्यक्ष श्री शर्मा को जानकारी दी। अध्यक्ष श्री शर्मा ने मल्टी एक्टिविटी सेंटर के बारे में जानकर बधाई दी। उन्होंने सभी महिलाओं सेे कहा कि और आगे आप कुछ करना चाहेंगे तो हम उसे बढ़ावा देने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। 

उन्होंने गोठान की महिलाओं से बात कर उनसे जानकारी ली कि कितने का लाभ प्राप्त किया है। महिलाओं ने उन्हें बताया कि प्राप्त धनराशि से उन्होंने गाड़ी खरीदी है। साथ ही साथ उन्होंने करधन खरीदने एवं बच्चों की पढ़ाई में लगाया है। उनकी बातचीत से वे बहुत प्रभावित हुए।

इसे और आगे बढ़ाने के लिए एवं फसल उत्पादन एवं फूल बागवानी के लिए सुझाव भी दिए। रीपा अवलोकन के दौरान एसडीएम उमेश साहू, जनपद पंचायत साईओ निखत सुल्ताना, बिरकोनी सरपंच, सचिव बिरकोनी एवं भंवरपुर के रागी फसल के किसान श्री पटेल उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट