महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मई। भीषण गर्मी के बीच जिले के कई गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। वहीं कई गांव ऐसे भी हैं जहां सरपंच की सक्रियता के चलते पानी की कोई कमी नहीं हो रही है। कुछ पंचाायतों के सरपंच ग्रामीणों तक पानी पहुंचाने के लिए अतिरिक्त खर्च करने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं। ग्राम बोंदा नवापाली के सरपंच ने भी एक अनुकरणीय पहल करते हुए गांव के एक मोहल्ले तक प्रतिमाह किराया देकर पानी पहुंचा रहे हैं। उनके इस कार्य की सभी ग्रामवासियों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।
बीते कुछ वर्षों तक ग्राम बोंदा में गर्मी के दिनों में पानी की समस्या देखी जाती थी। जिसे देखते हुए ग्राम के सरपंच शशिकिरण घनश्याम पटेल ने कुछ वर्षं पहले ही नए बोर खनन करवाए थे। इसी बोर से इस वक्त ग्रामवासियों को पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके अलावा ग्राम का एक मोहल्ला ऐसा भी है जहां बोरवेल सफल नहीं होने के कारण मोहल्लेवासी पानी की समस्या से जूझ रहे थे।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सरपंच ने एक अनूठा उपाय सोचा और दूसरे के निजी बोरवेल से ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराने के लिए उसे किराए पर ही ले लिया। अब मोहल्ले तक पानी भी पहुंचाने के लिए पंचायत द्वारा प्रतिमाह 3 हजार रुपए किराया दिया जा रहा है। प्रतिदिन मोहल्लेवासियों को दिन में लगभग 3 घण्टे पानी दिया जाता है। उक्त मोहल्ले में लगभग 40-45 परिवार निवास करते हैं। जिनके लिए पानी की आपूर्ति करने के बाद उनकी पानी की समस्या दूर हो गई है। मोहल्ले में पानी पहुंचने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
सरपंच का कहना है कि अंचल में कई गांव ऐसे हैं जहां ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। कहीं बोरवोल खराब है तो कहीं हेण्डपंप सूखे पडे हुए हैं। ऐसे स्थानों पर ग्रामीण अन्य लोगों के निजी बोरवेल अथवा तालाब के पानी पर आश्रित हैं। यदि सभी गांवों में बोंदा की तरह ही पहल की जाए तो लगभग सभी गांवों में पानी की समस्या का समाधान हो सकता है।