महासमुन्द
ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत-अब जलाशय को ठेके पर न दें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मई। महासमुंद जिले के ग्राम लमकेनी में रहने वाले ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के जलाशय को ठेके पर देने के बाद ठेकेदार पानी का दुरूपयोग कर रहा है। लमकेनी पंचायत के आश्रित ग्राम के किसानों को समय पर पानी नहीं देने के कारण उनकी फसल सूखने की कगार पर है। ग्रामीणों ने उक्त संबंध में कलेक्टर महासमुंद से शिकायत की है और कहा है कि अब जलाशय को ठेके पर न दिया जाए।
आक्रोशित किसानों ने बताया है कि उस जलाशय से गांव का फसल आश्रित है। ठेकेदार इस बात को अच्छी तरह जानते हैं फिर भी आवश्यकतानुसार पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है इससे धान की खड़ी फसल सूख रही है। किसानों ने कलेक्टर को दिये आवेदन में उल्लेख किया है कि लमकेनी जलाशय को मत्स्य पालन हेतु प्रकृति मत्स्य सहकारी समिति मयादित तोषगांव को 10 वर्षीय ठेके पर दिया गया है। उस जलाशय के पानी से बेल्डीह पठार, बेल्डीह, जटाकन्हार, पझरापाली, गिधामुण्डा समेत आसपास के गांवों के कृषकों के सैकड़ों एकड़ खेत की सिंचाई होती है.। हर साल रबी फसल के दौरान यहां के किसान लमकेनी जलाशय से पानी लेकर खेत की सिंचाई करते हैं। लेकिन लमकेनी के जलाशय को ठेके पर देने के बाद ठेकेदार आश्रित ग्राम के किसानों को समय पर पानी नहीं दे रहा है। अब उनकी फसल सूखने की कगार पर है।
ग्रामीणों ने ठेकेदार पर आरोप लगाया है कि मछली पालन व मत्स्याखेट करने के लिए किसानों की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। उक्त जलाशय से गर्मी सीजऩ के फसल लेने वाले कृषकों को जब पानी की जरूरत नहीं रहती, तब भी ठेकेदार मछली पकडऩे के लिए नहर के पानी को खोल देता है और बेवजह पानी बर्बाद होता है। इससे बांध का पानी जल्दी सूख जाता है और उनके खेतों का नुकसान होता है। अत: ग्रामीणों के द्वारा उपरोक्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लमकेनी जलाशय के पानी को सिंचाई सुविधा के लिए सुरक्षित रखने तथा उक्त जलाशय को मत्स्य पालन हेतु ठेके पर न दिये जाने की मांग कलेक्टर से की गई है।