महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई। पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ.विमल चोपड़ा एवं झलप मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष जमुना ठाकुर की मौजूदगी में डुमरपाली एवं ग्राम रामपुर में पेशनधारी निराश्रितों की बैठक आहुत हुई, जिसमें आगामी एक जून को झलप में आयोजित किए जाने वाले पेंशनधारी सम्मेलन पर विचार विमर्श हुआ। इस सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव उपस्थित रहेंगे।
डॉ. चोपड़ा ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने प्रत्येक वर्ग के साथ वादा खिलाफ ी की है, लूट मचाई है। संपूर्ण छत्तीसगढ़ के गरीब पेंशनधारियों का पेंशन 350 से बढ़ाकर 1000 व 1500 करने का वादा अपने घोषणा पत्र में इस सरकार ने किया था। परंतु वह अभी तक पूरा नहीं हुआ है। पिछले बजट में 500 करने की बात कहने वाली सरकार ने नये सत्र में भी 350 रुपए ही दिया है। संपूर्ण छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी को लेकर आक्रोश व्याप्त है। जिसके कारण एक जून को होने वाले सम्मेेलन में इस आक्रोश की अभिव्यक्ति अधिक से अधिक संख्या में होकर करना है।
महिला मोर्चा के अध्यक्ष जमुना ठाकुर ने कहा कि पिछले चुनाव में निराश्रितों के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों ने कांग्रेस के घोषणा पत्रों पर विश्वास किया और वोट देकर कांग्रेस की सरकार बनाई। परंतु इस साढ़े चार वर्षों में कांग्रेस ने धोखा देने के सिवाय कोई काम नहीं किया है। हमको अपने हक की लड़ाई लडऩा है। इसके लिए एक जून को झलप में होने वाले निराश्रित सम्मेलन में आप लोगों को अधिक से अधिक संख्या में झलप पहुंचना है।
जमुना ठाकुर ने जानकारी दी कि इस सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव उपस्थित रहेगें। बैठक में प्रमुख रूप से आदिवासी नेता योगेश ठाकुर, कृपाराम ठाकुर, पुरषोत्तम साहू, उपसरपंच लिलेश्वर पटेल, बूथ अध्यक्ष खेमसागर गोस्वामी,धनीराम निषाद, द्वारिका सेन,नैन सिंह धु्रव,पुरषोत्तम साहू,धनकेतन पटेल, रैन सिंग ध्रुव, दशरथ यादव,राम निवास पटेल,गणेश पटेल, मोहर साय पटेल आदि उपस्थित रहे।