महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मई। कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की प्रचंड जीत का जश्न राजीव भवन महासमुंद में देखने को मिला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चन्द्राकर, विधायक विनोद सेवनलाल चन्द्राकर के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने आतिशबाजी कर व लड्डू बांटकर जश्न मनाया। जोरदार आतिशबाजी व लड्डू वितरण कर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इस जीत का जश्न मनाया तथा बजरंगबली के मंदिर में माथा टेक कर बजरंगबली का आशीर्वाद मांगा। इस ऐतिहासिक जीत से नेता व कार्यकर्ता ऊर्जा से लबालब नजर आए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चन्द्राकर ने कहा कि देश में लगातार हो रहे चुनावों में भाजपा जिस प्रकार से झूठ, फरेब, खरीद-फ रोख्त व धार्मिक ध्रुवीकरण का सहारा ले रही है। ठीक उसी प्रकार कर्नाटक की जनता को भी भ्रमित करने का भरसक प्रयास भारतीय जनता पार्टी के नेताओं व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, पर कर्नाटक की जनता ने भारतीय जनता पार्टी व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झूठ को नकार कर संदेश दिया कि अब झूठ की राजनीति नहीं चलेगी। काम करोगे तभी वोट मिलेगा। इस प्रचंड जीत का सेहरा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के नाम जाता है।
विधायक विनोद सेवनलाल चन्द्राकर ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जबरदस्त असर भी यहां देखने को मिला है। यह जीत इंगित करता है कि नफरत छोड़ो भारत जोड़ो का नारा लोगों को पसंद आया है। इस चुनाव में भाजपा के झूठ की हवा निकल गयी है। इस चुनाव में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बजरंगबली पर कहा झूठ भी बेअसर नजर आया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संजय शर्मा, शहर कांग्रेस प्रभारी महामंत्री गुरमीत चावला, हीरा बंजारे, लक्ष्मी देवांगन, ब्रिजेन बंजारे, ममता चन्द्राकर, सोमेश दवे, युथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बादल मक्कड़, डमरूधर मांझी, प्रकाश अजमानी, सचिन गायकवाड़,डा तरूण साहू, प्रदीप बोस, लीलू साहू, मोती साहू, गणेश ध्रुव, कपिल साहू, किशन देवांगन, टोकन कागजी, रेखराज पटेल, अनीश राजवानी, रवींद्र कौशिक, मुन्ना ठाकुर,भरत बुंदेला आदि कांग्रेसजन शामिल हुए।