महासमुन्द
मृतक की पत्नी बच्चों संग कलेक्टोरेट पहुंची
मिला हफ्ते दिन में कार्रवाई का भरोसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11मई। सूदखोरों की प्रताडऩा से तंग आकर आत्महत्या करने वाले पुरुषोत्तम सिंह चौहान मामले में पुलिस ने घटना के 4 माह बाद भी आरोपियों के विरुद्ध जुर्म दर्ज नहीं की है। आरोप दर्ज करने की मांग को लेकर कल मृतक पुरुषोत्तम की पत्नी हिरामोती चौहान ने पुलिस को 7 सूदखोरों के विरुद्ध नाम जद शिकायत दर्ज करने की मांग करने कलेक्टोरेट पहुंची थी। उनका कहना है कि इस मामले में 4 माह बाद भी अपराध दर्ज नहीं होने से पुलिस की भूमिका पर प्रश्न चिन्ह उठ रहे हैं।
इस मामले को लेकर मृतक के परिजन उनकी तस्वीर लेकर बिलखते हुए कलेक्टोरेट में धरने पर बैठ गए। हालांकि एएसपी ने सप्ताह भर का समय मांगा है। इसलिए फिलहाल हिरामोती और परिवार ने धरना स्थगित कर दिया है।
परिवार का कहना है कि यदि सप्ताह भर बाद भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी तो पुन: अनिश्चित कालीन धरना शुर की जावेगी। हीरा मोती चौहान का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तब तक वे आंदोलन करती रहेंगी।
श्रीमती चौहान ने बताया कि उनके पति ने मोहल्ले के कुछ लोगों से कर्ज लिया था। अधिक ब्याज पर कर्ज देकर वसूली करने के साथ जान से मारने की धमकी देने के साथ मारपीट भी की थी। इससे त्रस्त पति ने 19 जनवरी 2023 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में की थी। जांच में पहुंची पुलिस टीम को एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उन्होंने कर्ज की राशि चुकाने के बाद भी ब्याज की राशि नहीं चुकाने को लेकर सूदखोरों पर कार्रवाई की मांग लिखी थी। घटना के 3 माह बाद भी पुलिस ने सूदखोरों के खिलाफ जुर्म दर्ज नहीं किया है। हिरामोती ने बताया कि उन्होंने शहर के 7 बड़े सूदखोरों के नाम की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। इनमें से कुछ राजनीतिक पार्टियों से हैं।