महासमुन्द

अफवाह निकली महासमुंद मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में भूत की खबर
11-May-2023 2:58 PM
अफवाह निकली महासमुंद मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में भूत की खबर

शरारती छात्रों और चौकीदार ने ब्लूटूथ के जरिए डराया था

छात्र ऐसे अफ वाहों से बचें और हॉस्टल में बिना डर एवं भय के निवास करें-डॉ. यास्मीन खान 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मई।
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद की अधिष्ठाता डॉ.यास्मीन खान ने महाविद्यालय के बालक छात्रावास में गत दिवस भूत-प्रेत के संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल खबर को शरारती तत्वों का कृत्य बताया है। वहीं कोतवाली से मिली जानकारी अनुसार छात्रावास के कुछ बच्चों ने चौकीदार के साथ मिलकर बच्चों को डराने की कोशिश है। शरारती छात्रों और चौकीदार को अच्छी तरह समझाईश देकर छोड़ दिया गया है। 

डॉ.यास्मीन खान ने इसे महज एक अफवाह कहा है और अपील की है कि छात्र ऐसे अफवाहों से बचें और हॉस्टल में बिना डर एवं भय के निवास करें। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक महासमुंद को भी सूचित कर दिया गया है।

मालूम हो कि कल सुबह से सोशल मीडिया में एक खबर चल रही थी जिसमें महासमुंद मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में भूत के डर से छात्रों को हॉस्टल खाली करना बताया जा रहा था। आज सुबह भी छात्रावास में कोई भी छात्र नहीं है और पूरी तरह खाली है। अफवाह थी कि यहां रात के समय किसी लडक़ी के हंसने की डरावनी आवाजें आती हैं। इस आवाज के बारे में कोतवाली पुलिस ने जानकारी दी है कि शरारती छात्रों ने ब्लूटूथ की सहायता से यह सब काम किया था। 

डायल 112 की टीम ने हॉस्टल का जायजा लिया, तब भी डरावनी आवाजें आ रही थीं। हालांकि उस वक्त पुलिस की टीम बगैर भीतर का परीक्षण किए बैरंग वापस लौट आई। चूंकि मालूम हो चुका था कि ब्लूटूथ का कमाल है। वहां से लौटते ही परीक्षण शुरू कर शरारती तत्वों तक पहुंचे और मामले का पटाक्षेप हुआ। 
 


अन्य पोस्ट